भोपाल में दो दिवसीय आईपीएस सर्विस मीट 2026 का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

भोपाल में दो दिवसीय आईपीएस सर्विस मीट 2026 का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आज शुक्रवार से दो दिवसीय ‘इंडिया पुलिस सर्विस (IPS) मीट 2026 का शानदार शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (DGP) कैलाश माखवाना विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री का संबोधन: सच्ची पुलिसिंग ही जनता का विश्वास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश पुलिस की मुस्तैदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखती है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण भी पैदा करती है। मुख्यमंत्री ने थानों की ग्रेडिंग और बेहतर काम करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत करने की बात पर जोर दिया।
दो दिनों तक चलेंगे विविध कार्यक्रम
यह आयोजन केवल आधिकारिक चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पुलिस परिवार की एकजुटता और मनोरंजन का भी पुट है आज शाम पुलिस ऑफिसर्स मेस में विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें अधिकारी और उनके परिवार अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। मीट के दूसरे दिन (17 जनवरी) मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी और अन्य खेल परिसरों में खेलकूद प्रतियोगिताएं और कुकिंग कॉम्पिटिशन जैसे रोचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मीट के दौरान साइबर सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और आधुनिक पुलिसिंग की चुनौतियों पर वरिष्ठ अधिकारी मंथन करेंगे।
DGP कैलाश माखवाना ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस नई चुनौतियों, विशेषकर साइबर अपराध और नक्सल उन्मूलन की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने इस आयोजन को अधिकारियों के बीच समन्वय और अनुभव साझा करने का एक बेहतरीन मंच बताया।







