लापरवाही : जहां लगा स्वच्छता का बैनर, वहीं फेंका जा रहा बायोमेडिकल वेस्ट, संक्रमण का खतरा
पोस्टमार्टम हाऊस के बाजू में बना नया कचरा घर

कटनी, यशभारत। एक तरफ देश में स्वच्छता को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हें तो वहीं दूसरी तरफ जिला चिकित्सालय की स्वच्छता पर एक बार फिर सवालिया निशान लग गया है। आलम यह है कि सीएमएचओ कार्यालय से कुछ दूरी पर पोस्टमार्टम हाऊस के बाजू में नया कचरा घर बन गया है, जहां खुलेआम बायोमेडिकल वेस्ट को फेंका जा रहा है। दिन भर यहां से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी निकलते हैं लेकिन उन्हें यह गंदगी नजर नहीं आती। कई बार प्रशासनिक अधिकारी भी इसी मार्ग से निकलते हैं, इसके बावजूद यहां सफाई कराने की जेहमत नहीं उठाई जाती। स्थिति यह है कि पोस्टमार्टम हाऊस के स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भारत स्वच्छता अभियान का बैनर भी लगा हुआ है लेकिन अधिकारी स्वयं इसको लेकर जागरूक नजर नहीं आ रहे। बताया जाता है कि मिशन चौक के आसपास की दुकानों का कचरा भी यहां फेंका जा रहा है। नियमों की बात करें तो मेडिकल वेस्ट को खुले में नहीं फेंका जा सकता लेकिन जिला चिकित्सालय में खुलेआम इस नियम की धज्जियां उड़ाई जा रही है।
लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़
जिला अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही और हठधर्मिता के कारण बायोमेडिकल वेस्ट खुले में पड़ा हुआ है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रकार के मेडिकल कचरे जैसे सुई, इस्तेमाल किए गए दस्ताने, खून से सनी पट्टियां और अन्य वेस्ट बिना किसी सुरक्षा के खुले में फेंके गए हैं। यह स्थिति न केवल अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए बल्कि आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए भी गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा कर रही है।
नियमों का उल्लंघन, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित प्रबंधन के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत बायोमेडिकल वेस्ट को अलग.अलग रंगों के कूड़ेदानों में डालकर इसे वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोज करना होता हैए लेकिन कटनी जिला अस्पताल में इन नियमों का पूरी तरह से उल्लंघन हो रहा है। जिम्मेदार अफसर ध्यान ही नहीं दे रहे।
संक्रमण का शिकार हो रहे मवेशी
अस्पताल के कर्मचारियों व प्रबंधन द्वारा बार-बार लापरवाही बरतने के बावजूद जिला प्रशासन के अफसरों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वेस्ट की दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है और बच्चों में संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है। मवेशी खाकर संक्रमण का शिकार हो रहे हैं व फैला रहे हैं। जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी इस गंभीर मामले पर चुप्पी साधे हुए है। अस्पताल परिसर से निकले कचरे के आसपास आवारा जानवर भी देखे गए हैं, जो इस समस्या को और भी खतरनाक बना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर बायोमेडिकल वेस्ट का सही प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की है।







