10 के नोट के दो टुकड़े मिलाए और सौंप दिए 3 करोड़ 98 लाख फिल्मी स्टाइल में कटनी, बायपास से भेजी गई हवाला की रकम, दो सिंधी व्यापारियों के नाम चर्चा में, दूसरे शहरों की पुलिस कर रही उजागर, कटनी पुलिस केवल मूकदर्शक

कटनी, यशभारत। ब्लैक स्कार्पियो में सागर में पकड़ी गई 3 करोड़ 98 लाख की बड़ी रकम कटनी के सिंधी व्यापारियों की थी। कटनी से हवाला का बड़ा रैकेट संचालित है, जिसके तार मुंबई तक जुड़े हुए हैं। क्रिकेट सट्टे का पैसा भी इन्हीं हवाला कारोबारियों के जरिए भेजा जा रहा है। सूत्र बताते है कि मुंबई से कटनी पहुंचे हवाला रैकेट के दो सदस्यों को कटनी बायपास कर पैसे और गाड़ी की डिलीवरी की गई। फिल्मी स्टाइल में स्कॉर्पियो में बैठे दो लोग जबलपुर साइड से आने वाले अन्य दो लोगों का इंतजार कर रहे थे। इनके हाथ में 10 के नोट का आधा टुकड़ा था, जबकि बाकी का आधा टुकड़ा बायपास पर इंतजार कर रहे दो लोगों के पास था। आपस में 10 के नोट के दोनों टुकड़ों के नंबरों का मिलान होते ही 3 करोड़ 98 लाख की रकम और स्कार्पियो उनके हवाले कर दी गई। ताज्जुब तो इस बात पर है कि कुछ दिनों के अंतराल में कटनी से हवाला के करोड़ों रुपए भेजने के दो बड़े मामले सिवनी और सागर की पुलिस द्वारा पकड़े जा चुके हैं, लेकिन सारा खेल कटनी में होने के बावजूद कटनी पुलिस को इसकी भनक भी नहीं लग पा रही। इन मामलों ने कटनी पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सागर में पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रकम कटनी के सिंधी व्यापारियों ने कलेक्ट करके भेजी थी। जो शख्स कार लेकर आया था वह चेहरा ढंके था, जिससे उसे वे पहचान नहीं पाए। नोट के आधे-आधे टुकड़े ही हम दोनों के बीच की पहचान थे। मुकुंद और राजेश ने मुंबई से जबलपुर पहुंचने के बाद कटनी तक की यात्रा बस से की थी। इन दोनों से मिली जानकारी के बाद सागर के मोतीनगर थाना पुलिस की नजर सागर के रूपेश नामक शख्स पर टिक गई है। रूपेश हवाला एजेंट के रूप में लंबे समय से काम कर रहा है। सूत्रों के अनुसार कटनी के जिनं सिंधी व्यापारियों का पैसा भेजा जा रहा था। उनके कुछ रिश्तेदार सागर में हैं। मोतीनगर पुलिस को सागर के सिंधी कॉलोनी के कुछ लोगों की लिंक मिली है। सूत्रों के मुताबिक यह पूरा पैसा प्रॉपर्टी का बताया जा रहा है जो मलाड मुंबई के हवाला कारोबारियों के माध्यम से अहमदाबाद के हीरा व्यापारी कमलेश शाह के पास पहुंचाया जाना था। हिरासत में पूछताछ के दौरान कार के मालिक मुकुंद देवड़ा तथा ड्राइवर राजेश पटेल ने यह खुलासा किया है। दोनों आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि पूरा पैसा एकमुश्त उन्होंने कटनी से उठाया था। वहीं पर जबलपुर व कटनी के 4 सिंधी व्यापारियों से 3 करोड़ 98 लाख रुपए की रकम कलेक्ट कर विशेष बॉडी वाली कार में रखी गई थी। मुंबई से दो एजेंट जबलपुर के रास्ते कटनी पहुंचे थे। कटनी पहुंचने पर बायपास पर उन्हें स्कॉर्पियो कार खड़ी दिखी। इसमें बैठा शख्स मुंह पर मास्क लगाए था। कार लेकर आया शख्स बाइक से आए दूसरे साथी के साथ चला गया।







