लाड़ली बहना योजना से सशक्त हो रहा मध्यप्रदेश ,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
लाड़ली बहना योजना ने बदली बहनों के जीवन की दिशा

लाड़ली बहना योजना से सशक्त हो रहा मध्यप्रदेश ,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
लाड़ली बहना योजना ने बदली बहनों के जीवन की दिशा
भोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नारी हर रूप में समर्पण का प्रतीक है और उनके कल्याण के लिए प्रदेश सरकार ने जो कहा, उसे पूरा किया है। भाईदूज पर लाड़ली बहना योजना की राशि 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए करने का वादा पूरा करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना अब केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन गई है।
डॉ. यादव ने सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में एक करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1857 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार से अधिक बहनों को इसका लाभ मिला। उन्होंने कहा कि यह योजना अब “सहयोग” नहीं, बल्कि “सफलता” का सूत्र बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने सिवनी जिले में 560 करोड़ 75 लाख रुपए से अधिक लागत के 114 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें विधि महाविद्यालय, 4 सांदीपनि विद्यालय और अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने पेंच टाइगर रिजर्व में स्क्रैप से बनी विश्व की सबसे बड़ी बाघ कलाकृति का लोकार्पण किया।
युवाओं के लिए घंसौर में खेल स्टेडियम और लामटा से पांडिया छपारा के बीच बड़े पुल के निर्माण की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को धान का बोनस दिया गया है, अब गेहूं खरीदा जाएगा और मक्के का भी उचित दाम दिलाया जाएगा।
डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों का आत्मविश्वास ही मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है। जब बहनें सशक्त होती हैं, तब समाज और राज्य दोनों समृद्ध बनते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और हर बहन को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
30 किश्तों ने बदला बहनों का जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना ने न केवल बहनों का जीवन बदला है, बल्कि शासन की नीयत और नीति में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। यह योजना अब सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का आधार बन चुकी है।







