जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेश

दिल्ली में लाल किले के पास बड़ा धमाका, दुकानों और गाड़ियों में लगी आग; कई लोगों के मरने की सूचना

दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में हुए जबरदस्त धमाके से हड़कंप मच गया। इस धमाके में 8 लोगों की मौत की सूचना है और कई लोग घायल हुए हैं। आग लगने से कई गाड़ियां भी जल गईं। घटना के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। घायलों को लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया है।

दिल्ली अग्निशमन विभाग को शाम को धमाके की सूचना मिली। एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, ‘हमें लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में धमाके की कॉल मिली थी। इसके बाद तीन से चार गाड़ियों में आग लग गई।’ आग बुझाने के लिए तुरंत 7 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। यह मेट्रो स्टेशन लाल किला और कई सरकारी दफ्तरों के पास है, इसलिए धमाके से लोगों में दहशत फैल गई।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद कई गाड़ियां आग की लपटों में घिर गईं। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और उसे मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार और आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स जांच कर रहे हैं।

शुरुआती जांच में पता चला है कि धमाका एक खड़ी कार में हुआ था, जिससे आस-पास की गाड़ियां भी चपेट में आ गईं। अधिकारी किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद दिल्ली भर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और राजधानी में रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button