भोपाल

मध्यप्रदेश में डिप्रेशन का असर, भोपाल छाया में घना कोहरा 

शनिवार देर रात हुई बारिश, रविवार को छाए रहे बादल

मध्यप्रदेश में डिप्रेशन का असर, भोपाल छाया में घना कोहरा 
– शनिवार देर रात हुई बारिश, रविवार को छाए रहे बादल 
भोपाल यशभारत। मध्यप्रदेश के मौसम में अचानक बदलाव हुआ है। शनिवार देर शाम प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के सक्रिय होने से बारिश का नया दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले दो दिनों तक प्रभावी रहेगा।भोपाल में शनिवार रात से ही रिमझिम बारिश और घने बादलों के साथ धुंध का असर दिखाई दे रहा है, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई है।
भोपाल, उज्जैन, शाजापुर और पांढुर्णा समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। शाजापुर के अकोदिया और पांढुर्णा में सडक़ों पर पानी बहने लगा। शहर के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत पड़ी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिन तक बारिश और धुंध का असर और बढ़ सकता है।
डिप्रेशन का असर इन जिलों में रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों में इंदौर संभाग के धार, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों में 2.5 से 4.5 इंच तक वर्षा होने की संभावना है। वहीं इंदौर, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शेष जिलों में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी।
मौसम विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर तक बारिश, गरज-चमक और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इसका सबसे अधिक असर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और जबलपुर संभागों में देखने को मिलेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव
पिछले कुछ दिनों में प्रदेशभर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। कई इलाकों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। शनिवार को हुई बारिश के बाद दिन का तापमान भी नीचे चला गया। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बारिश रुकने के बाद रात का तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी रखने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button