
जबलपुर, यशभारत। रविवार की सुबह शहर में गिरी 9 मिमी बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। हल्की फुहारों के साथ ठंडी हवाओं ने दिनभर मौसम को सुहाना बना दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अक्टूबर माह में अब तक कुल 130 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो इस महीने की औसत वर्षा से अधिक है। पिछले तीन-चार दिनों से आसमान में बादलों की हल्की आहट बनी हुई थी, लेकिन बारिश आज सुबह ही हुई।
इस बीच, मौसम में बदलाव के चलते शहरवासियों ने सुबह के समय टहलने और बाहर गतिविधियों का आनंद लिया। बारिश से सड़कों पर हल्की फिसलन रही, लेकिन मौसम की ताजगी ने लोगों का मन खुश कर दिया।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी और उड़ीसा के तटीय इलाकों में बने कम दबाव का क्षेत्र और अरब सागर से आ रही नमी भरी हवाओं का प्रभाव है। इसके कारण शहर में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहा।मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24-48 घंटे तक मौसम इसी तरह का बना रहने की संभावना है। रविवार को हल्की बारिश हुई, जबकि सोमवार और मंगलवार को कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है।







