जीपी मेहरा की एमपीडब्ल्यूलएलसी से सेवाएं समाप्त

जीपी मेहरा की एमपीडब्ल्यूलएलसी से सेवाएं समाप्त
भोपाल यशभारत। लोकायुक्त के छापे के बाद लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर जीपी मेहरा को लेकर नए खुलासे हो रहे हैं। भोपाल, नर्मदापुरम सहित अन्य जगहों पर अकूत संपत्ति सामने आई है। लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद अब मेहरा की सेवाएं मप्र वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कापार्रेशन यानि एमपीडब्ल्यूलएलसी से समाप्त कर दी गई है। मेहरा से अब संपत्तियों को लेकर प्रमाण मांगे गए हैं, जो अब तक वो लोकायुक्त के सामने नहीं दे सके हैं। वहीं इस बीच नर्मदापुरम में सैनी ग्राम स्थित फार्म हाउस तक रोड बनाने वाले पीडब्ल्यूडी के तीन इजीनियरों पर कार्रवाई की गाज गिरी है।

अब जांच अधिकारी इन तीनों अधिकारियों से भी जानकारी ले रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार नर्मदापुरम के तत्कालीन इंजीनियर संजय रायकवार, तत्कालीन सब इंजीनियर आरपी शर्मा और तत्कालीन एसडीओ राजीव कुमार पाठक ने मेहरा को फायदा पहुंचाने के लिए तीन मीटर का हिस्सा बनवाने में मदद की है। सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर लोकायुक्त की टीम भी कार्रवाई कर रही है। वहीं निलंबित हुए अधिकारियों पर विभागीय जांच भी बैठाई जा रही है। तीनों दिनों से जांच टीम पूछताछ करेगी। गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में मेहरा के ठिकानों पर लोकायुक्त की टीम ने छापामार कार्रवाई की थी, इस दौरान संपत्तियां सामने आई थी।






