मध्य प्रदेश

शिक्षा विभाग के DPC और APC 60,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

मण्डला में EOW की बड़ी कार्रवाई

मण्डला यश भारत । आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने आज मण्डला में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों को ₹60,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों में जिला परियोजना समन्वयक (DPC) अरविंद विश्वकर्मा और सहायक परियोजना समन्वयक (APC) अवधेश नारायण पाण्डेय शामिल हैं।

यह कार्रवाई आवेदक रविकांत नंदा की शिकायत पर की गई, जिनका स्कूल जर्जर भवन होने के कारण एसडीएम द्वारा सील कर दिया गया था। स्कूल की सील खुलवाने के लिए डीपीसी अरविंद विश्वकर्मा और उनकी टीम को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देनी थी। इसी रिपोर्ट को आवेदक के पक्ष में देने के एवज में दोनों अधिकारियों ने 60,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद, आज रिलायंस पेट्रोल पंप, मण्डला में ट्रैप लगाया गया। इस दौरान डीपीसी अरविंद विश्वकर्मा की पत्नी आरती विश्वकर्मा ने आवेदक से रिश्वत की रकम ली। EOW की टीम ने तीनों आरोपियों, अरविंद विश्वकर्मा, उनकी पत्नी आरती विश्वकर्मा, और अवधेश नारायण पाण्डेय को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 (ए) के तहत गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button