भोपाल

एमपी टूरिज्म के किडजानिया सेंटर ने बनाई देश में पहचान

एमपी टूरिज्म के किडजानिया सेंटर ने बनाई देश में पहचान
– एक्सपीरिएंशल मार्केटिंग कैंपेन, बेस्ट ट्रैवल एंड टूरिज्म मार्केटिंग कैंपेन श्रेणी के लिए मिला सम्मान
भोपाल यशभारत। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किडजानिया सेंटर का शुभारंभ दिल्ली और मुंबई में किया गया है। इन सेंटरों पर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को बिना कहीं जाए देखा जा सकता है। खास तौर पर बच्चों के लिए तैयार किए गए इन सेंटरों ने प्रदेश के लिए उपलब्धि हासिल की है। गोवा में आयोजित प्रथम मेडएक्स समिट एवं अवॉर्ड्स 2025 में किडज़ानिया इंडिया के एमपी टूरिज्म एक्सपीरियंस सेंटर को दो श्रेणियों में प्रतिष्ठित गोल्ड अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया। बेस्ट एक्सपीरिएंशल मार्केटिंग कैंपेन और बेस्ट ट्रैवल एंड टूरिज्म मार्केटिंग कैंपेन की श्रेणी में ये गोल्ड अवॉर्ड्स प्राप्त हुए। दिल्ली एवं मुंबई किडज़ानिया में स्थापित एमपी एक्सपीरियंस सेंटर को उनके प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया है।
प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि एमपी टूरिज्म एक्सपीरियंस सेंटर के जरिए पर्यटक पर्यटन स्थलों के साथ सार्थक रूप से जुड़ सकते हैं। मेडएक्स में मिला यह सम्मान पूरी तरह से योग्य है और वास्तव में हमारे लिए प्रेरणादायक है।
नवाचार, रचनात्मकता ने जीता आगंतुकों का दिल
बेस्ट ट्रैवल एंड टूरिज्म मार्केटिंग कैंपेन श्रेणी में एमपी टूरिज्म एक्सपीरियंस सेंटर को उनकी नवाचार, रचनात्मकता और प्रभावशाली रूप से इसके क्रियान्वयन के लिए सम्मानित किया गया है। ब्रांड की विज़िबलिटी और ऑडियंस एंगेजमेंट को नए आयाम दिए हैं। वहीं, बेस्ट एक्सपीरिएंशल मार्केटिंग कैंपेन श्रेणी में यह अवॉर्ड उनकी इमर्सिव स्टोरीटेलिंग और अत्याधुनिक एक्टिवेशंस को मिला, जिसने आगंतुकों के मन में गहरी छाप छोड़ी और ब्रांड कनेक्शन को और मजबूत बनाया।
क्या खास है मध्यप्रदेश टूरिज्म एक्सपीरियंस सेंटर में
– दिल्ली और मुंबई में किडजानिया के एमपी टूरिज्म एक्सपीरियंस सेंटर का उद्देश्य बच्चों को प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर, जैव विविधता, नदियों और सांस्कृतिक विरासत से रोचक और रचनात्मक तरीके से जोडऩा है।
– यह पहल न केवल बच्चों को रोमांचक अनुभव प्रदान करती है, बल्कि उनके माध्यम से पूरे परिवार को भी मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रति आकर्षित करने का कार्य करती है।
जंगल सवारी और रिवर राफ्टिंग का भी आनंद उठा रहे
दिल्ली और मुंबई स्थित किडज़ानिया में इस सेंटर में दो प्रमुख वर्चुअल अनुभव जंगल सफारी और रिवर राफ्टिंग प्रस्तुत किए जा रहे हैं। जंगल सफारी के दौरान बच्चे वर्चुअल जीप सफारी में मध्यप्रदेश के घने जंगलों, राष्ट्रीय उद्यानों और जंगली जानवरों को नजदीक से देखने का अनुभव करते हैं। वहीं, रिवर राफ्टिंग में वे प्रदेश की नदियों की लहरों पर सवारी करते हुए प्राकृतिक सौंदर्य और जलजीवों को जानने का रोमांच महसूस करते हैं।
थ्री इफेक्ट्स का किया गया उपयोग
इन अनुभवों को और अधिक वास्तविक बनाने के लिए वर्चुअल रियलिटी, मोशन सेंसिंग तकनीक, एनवायरनमेंटल सिमुलेशन और 3डी इफेक्ट्स का प्रयोग किया गया है। सेंटर में बच्चों को हरे रंग की सफारी जैकेट पहनाई जाती है, जिससे वे खुद को एक असली पर्यटक की भूमिका में महसूस कर सकें। हर अनुभव लगभग 10 मिनट का होता है। अनुभव के बाद बच्चों से दस प्रश्न पूछे जाते हैं और सही जवाब देने पर उन्हें एमपी टूरिज्म की ओर से सुविनियर और किडज़ानिया करेंसी इनाम स्वरूप दी जाती है।
पुरस्कार मिलना बड़ी उपलब्धि है
एमपी के पर्यटन से पर्यटक रूबरू हो सकें इसी उद्देश्य से किडजानिया सेंटर का शुभारंभ किया गया है। किडजानिया को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलना बड़ी उपलब्धि है।
– बिदिशा मुखर्जी, अपर प्रबंधक, मप्र टूरिज्म बोर्ड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button