धर्म स्त्री के आत्मबल और परंपराओं का पर्व तीजा
घर-घर बंधेंगे फुलहरे महिलाएं रखेंगी निर्जला व्रत कल से गणपति बप्पा मोरिया की धूम

जबलपुर यश भारत। अखंड सौभाग्य के प्रतीक हरितालिका तीज की तृतीया तिथि को आज तीजा के रूप में मनाया जा रहा है। आज भोर से महिलाओं ने मौन स्नान कर निर्जला व्रत प्रारंभ किया। आज महिलाओं के द्वारा रतजगा किया जाएगा और घर-घर में फुलेरा बांधकर भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। रात के वक्त घर-घर से ढोलक की थाप और मंजोरों की झंकार के बीच भजनों की गूंज सुनाई देगी। कल भोर में महिलाएं पूजन अर्चन के उपरांत अपना व्रत तोड़ेंगी। तीजा पर्व को लेकर महिलाओं में उल्लास और उत्साह का माहौल है। देखा जाए तो तीजा का पर्व केवल धार्मिक ना होकर स्त्री के आत्म बल और परंपराओं का भी संगम है। इस मौके पर शहर के बाजारों में देर रात तक महिलाओं की चहल-पहल देखी गई और महिलाएं आवश्यक सामग्री खरीदती नजर आई। तीजा पर्व को लेकर शिव मंदिर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। जहां महिलाएं सामूहिक रूप से आचार्य की उपस्थिति में हरतालिका तीज का पूजन करेंगी। इस पुनीत अवसर पर शहर के शिव मंदिरों में भी व्यापक तैयारियां की गई है। शादीशुदा महिलाएं जहां अपने पति की दीर्घायु की कामना के लिए यह व्रत करती है तो अविवाहित युवतियां भी मनवांछित वर पानी की कामना के साथ पूरी आस्था के साथ इस व्रत को करती है।
कल से 10 दिवसीय गणेश उत्सव पर्व की रहेगी धूम
आज तीजा पर्व के बाद 27 अगस्त बुधवार से 10 दिवसीय गणेश उत्सव महापर्व प्रारंभ हो रहा है घर-घर में 10 दिनों तक भगवान विघ्न विनाशक की प्रतिमा स्थापित कर उनका पूजन अर्चन किया जाएगा। इसके अलावा शहर और उपनगरीय क्षेत्रो में सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों के द्वारा भव्य पंडाल आकर्षक झांकियां और विद्युत साजसज्जा के बीच आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। गणेश उत्सव को लेकर भी भक्तों के घर से लेकर सार्वजनिक गणेश मंडलों के द्वारा व्यापक तैयारियां की गई है। 10 दिनों की पूजन अर्चन के उपरांत अनंत चतुर्दशी को भगवान गजानन का विधि विधान से विसर्जन गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ के उद्घोष के बीच किया जाएगा।







