लिवइन पार्टनर बुलाने पर भी नहीं पहुंचा तो युवती ने फांसी लगाकर जान दी -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

लिवइन पार्टनर बुलाने पर भी नहीं पहुंचा तो युवती ने फांसी लगाकर जान दी
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
शाहपुरा इलाके में रहने वाली एक युवती ने कल अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह एक युवक के साथ लिवइन में रह रहा थी। घटना से पहले उसने अपने पार्टनर को फोन कर घर बुलाया, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया तो युवती ने कहा कि अगर वापस नहीं लाए तो मेरा मरा हुआ मुंह देखोगे। इधर, टीलाजमालपुरा में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामलों की जांच शुरू कर दी है।
एएसआई मुंशीराम धाकड़ ने बताया कि लाहरपुर रोड बरखेड़ा पठानी निवासी तानिया सूर्यवंशी पुत्री लाल साहब(19) शाहपुरा छावनी स्थित किराये के मकान में बरखेड़ा पठानी के रहने वाले गौरव डागोर के साथ लिवइन में रहती थी और एक कंपनी में नौकरी करती थी। कल गौरव नई नौकरी के सिलसिले में किसी से मिलने के लिए बरखेड़ा पठानी गया हुआ था, इस पर युवती उसे फोन कर वापस अपने पास बुलाया तो युवक ने उससे कहा कि मैं नई नौकरी के संबंध में किसी से मिलने आया हूं और आने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज युवती ने उसे कहा कि अगर तुम नहीं आए तो मेरा मरा हुआ मुंह देखोगे। इसके बाद युवती ने अपने दुपट्टे से खिडक़ी में फंदा बांधा और फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक ने फांसी लगाई-
टीलाजमालपुरा पुलिस ने बताया कि पुतली घर निवासी फैजान पुत्र मकसूद खान(28) मेहनत-मजदूरी करता था। बीती रात उसने अपने घर में फांसी लगा ली। घटना का पता चलने पर परिजनों ने उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
ज्यादा शराब बनी मौत की वजह-
मिसरोद थाना पुलिस ने बताया कि हरीगंगा नगर निवासी कमलेश वैध(40) शराब पीने का आदी था। रोजाना की तरह कल शाम उसने ज्यादा शराब पी ली थी। संभवत: ज्याद शराब पीने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।







