भोपाल

भोपाल बना वाहन चोरों की पसंद, दिल्ली से आकर ऑडी कार चुराने वाले शातिर चोर गिरफ्तार -पुलिस ने आरोपी को दिल्ली में दबोचा, कार के पार्ट्स निकालकर बेचने वाला था आरोपी

भोपाल बना वाहन चोरों की पसंद,
दिल्ली से आकर ऑडी कार चुराने वाले शातिर चोर गिरफ्तार
-पुलिस ने आरोपी को दिल्ली में दबोचा, कार के पार्ट्स निकालकर बेचने वाला था आरोपी
भोपाल, यशभारत।
राजधानी अब दूसरे राज्यों के शातिर वाहन चोरों की पसंदीदा स्थान बनता जा रहा है। पिछले दिनों जिला न्यायालय के पास से चोरी हुई एक लग्जरी ऑडी कार को चुराने के लिए शातिर वाहन चोर दिल्ली से आया था, उसकी मदद एक स्थानिय वाहन चोरी ने की थी। पुलिस ने भोपाल से लेकर दिल्ली के बीच कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तब जाकर आरोपी दिल्ली में पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस ने आरोपी के पास से ऑडी कार बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। अब पुलिस कार चुराने में उसकी मदद करने वाले आरोपी की तलाश कर रही है।
एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिन्द शर्मा ने बताया कि गत 23 जुलाई को अशोका गार्डन निवासी रविकांत त्रिपाठी की ऑडी कार जिला न्यायालय के पास से चोरी चली गई थी। फरियादी एडवोकेट हैं, इस कारण उन्होंने न्यायालय के पास अपनी कार पार्क की थी। घटना के बाद उन्होंने कार चोरी के संबंध में एक लिखित शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने 28 जुलाई को अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी बीच पुलिस को सुराग मिला कि ऑडी कार चुराने के बाद शातिर चोर भोपाल से दिल्ली की ओर गया है।
भोपाल से दिल्ली तक खंगाले सीसीटीवी कैमरे-
शातिर चोर को पकडऩे के लिए गठित पुलिस टीम ने भोपाल से लेकर दिल्ली के बीच पडऩे वाले हर एक टोल नाका के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। भोपाल से आरोपी का पीछा करते हुए पुलिस टीम दिल्ली पहुंची। तब जाकर आरोपी के बारे में अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ऑडी कार चुराने वाले आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसकी पहचान मायापुरी साउथ वेस्ट दिल्ली निवासी रोशन अहिरवार पुत्र हरि अहिरवार(25) के रूप में की है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपने परिचित भोपाल के ही एक शातिर चोर के साथ मिलकर ऑडी कार चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ऑडी कार बरामद की ली है। कार की कीमत करीब 17 लाख रूपए बताई जा रही है। पुलिस टीम आरोपी और कार को लेकर भोपाल पहुंच गई है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके साथी की तलाश कर रही है। जल्द ही ऑडी कार चुराने में मदद करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

कार के पार्ट्स बेचने वाला था आरोपी-
आरोपी रोशन अहिरवार ने पुलिस को बताया कि वह ऑडी कार के सभी पार्ट्स निकाल कर बेचने वाला था। ऑडी कार की गिनती लग्जरी कारों में होती है, इसलिए मार्केट में उसके पार्ट्स की अक्सर डिमांड रहती है और पार्ट्स के अच्छे दाम भी मिल जाते हैं। पुलिस टीम के पहुंचने के पहले ही वह कार के पार्ट्स अलग कर बेचने की योजना बना रहा था। लेकिन पुलिस टीम ने ऐन वक्त पर उसकी योजना पर पानी फेर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button