कहीं बारदाना खत्म तो कहीं धान रखने तक जगह नहीं, 31 हजार 386 किसानों ने केन्द्रों में बेची 2 लाख 72 मीट्रिक टन धान
किसानों को 258 करोड़ 87 लाख रूपये का भुगतान

कटनी, यशभारत। पिछले दिनों बारिश की वजह से धान का उपार्जन कार्य कई दिनों तक बंद रहा। अब एक बार फिर केन्द्रो ंमें धान का उपार्जन कार्य शुरू हो गया है। किसान अपनी उपज लेकर केन्द्रों में पहुंच रहा है, जहां समर्थन मूल्य धान की खरीदी की जा रही है। जिले के कई केन्द्रों मेंं धान के उपार्जन के दौरान कई तरह की अनियमिताएं भी देखने को मिल रही है। कहीं वारदाना खत्म हो गया है तो कहीं पर धान रखने की जगह नहीं बची है। ऐसे में दूसरे स्थानों पर भी धान की खरीदी शुरू की गई है। जानकारी के मुताबिक 3 जनवरी तक जिले में 31 हजार 386 किसानों से 2 लाख 72 हजार 83 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। इसमें 1 लाख 69 हजार 949 मीट्रिक टन धान का गोदामों में परिवहन भी किया जा चुका है। जिले में अब तक 48 हजार 21 किसाानों से स्लॉट की बुकिंग भी की जा चुकी है तथा 1 लाख 47 हजार 441 मीट्रिक टन के स्वीकृति पत्रक भी जारी किये जा चुके है। इसी तरह अब तक कृषकों को उपार्जित धान का 258 करोड़ 87 लाख रूपये का भुगतान किया जा चुका है।
बहोरीबंद तहसील में सबसे ज्यादा उपार्जन
जिले में अब तक हुए धान उपार्जन के मामले में तहसील बहोरीबंद अग्रणी है । यहां पर शुक्रवार 3 जनवरी की स्थिति में 6 हजार 467 किसानों से 58 हजार 204 मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य पर उपार्जित की जा चुकी है, जबकि दूसरे नंबर पर ढीमरखेड़ा तहसील द्वारा 5 हजार 151 किसानों सेे अब तक 38 हजार 894 मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य पर उपार्जित की जा चुकी है।
रीठी में 36 हजार 186 मीट्रिक टन धान उपार्जित
इसी तरह रीठी तहसील में अब तक की स्थिति में 3 हजार 628 किसानों से 36 हजार 186 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई है। वहीं बड़वारा तहसील में 4 हजार 537 किसानों से 33 हजार 173 मीट्रिक टन और विजयराघवगढ़ तहसील के 3 हजार 662 कृषकों से 29 हजार 905 मीट्रिक टन धान उपार्जित की जा चुकी है। इसी प्रकार बरही तहसील के 2 हजार 999 किसानों से 27 हजार 491 मीट्रिक टन धान व कटनी एवं कटनी नगर तहसील तहसील के 2 हजार 449 किसानों से 25 हजार 799 मीट्रिक टन तथा के साथ ही स्लीमनाबाद तहसील के 2 हजार 463 किसानों से 22 हजार 431 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है।
कलेक्टर ने कहा : धान उपार्जन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने धान उपार्जन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों को धान उपार्जन केन्द्रों में तिरपाल, पन्नी सहित अन्य समस्त आवश्यक इंतजाम पुख्ता रखनें के निर्देश दिए है। इसके अलावा कलेक्टर श्री यादव द्वारा निरंतर उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण भी किया जाकर खरीदी केन्द्र प्रभारियों और इस कार्य से संबंधित सभी अधिकारियों को दो टूक लहजे मे निर्देशित किया है कि किसानों के हित से जुड़ेेे मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये है समर्थन मूल्य
भारत सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल तथा धान ग्रेड ए का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2320 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।







