55 वर्षीय बुजुर्ग ने देवी को चढ़ाई अपनी जीभ, मंदिर में मचा हड़कंप : पुलिस की समझाइस पर अस्पताल में कराया भर्ती

सतना। जिले के मझगवां कस्बे में आस्था ने फिर एक बार इंसानियत और तर्क की सीमा को लांघ दिया। यहां एक प्राचीन देवी मंदिर में 55 वर्षीय प्यारे लाल वर्मा ने गुप्त नवरात्रि के अवसर पर अपनी जीभ काटकर देवी के चरणों में अर्पित कर दी। जीभ काटते ही वह मंदिर में बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की खबर फैलते ही मंदिर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। भजन-कीर्तन शुरू हो गया और परिजन घायल प्यारे लाल को अस्पताल ले जाने को तैयार नहीं हुए। उनका विश्वास था कि देवी मां की कृपा से जीभ स्वयं वापस आ जाएगी।
सूचना पर मझगवां पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे ने बताया कि काफी समझाइश के बाद परिजन मान गए और अचेत अवस्था में पड़े प्यारेलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब किसी ने मंदिर में इस प्रकार की आस्था दिखाई हो। पूर्व में भी कई भक्त यहां जीभ अर्पित कर चुके हैं।फिलहाल मंदिर परिसर में श्रद्धालु भजन-कीर्तन कर रहे हैं।







