भोपाल में 47वीं अंतरक्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज

भोपाल में 47वीं अंतरक्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज
भोपाल, यश भारत। मप्र विद्युत वितरण कम्पनी क़ी 47वीं अंतरक्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) मैदान, बीएचईएल में हुआ। उद्घाटन मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने किया।
उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रतीक भी हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों को कार्य के साथ स्वास्थ्य और ऊर्जा बनाए रखने का अवसर मिलेगा।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, सारनी, सागर, सिंगाजी सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत 800 मीटर दौड़ से हुई, जिसमें भूरिया अंसारी (इंदौर) प्रथम, शुभम भलावी (जबलपुर सेंट्रल) द्वितीय और विजय तिवारी (इंदौर) तृतीय रहे।
200 मीटर दौड़ में धर्मेंद्र खरे (सारनी) ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि संजय लाल बैगा (चचाई) द्वितीय और सूर्या बैगा (चचाई) तृतीय रहे। गोला फेंक में दिनेश मेवाड़ा (सारनी) प्रथम, रोहित दुबे (जबलपुर सेंट्रल) द्वितीय और अखिलेश (सिंगाजी खंडवा) तृतीय स्थान पर रहे। लंबी कूद में लोकसिंह नरते (जबलपुर क्षेत्र) ने बाजी मारी, जबकि धर्मेंद्र खरे (सारनी) द्वितीय और संजय लाल बैगा (सारनी) तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







