भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित 4 लोगों पर मुख्यमंत्री विवाह योजना में धोखाधड़ी का आरोप
महिलाओं ने की शिकायत

जबलपुर, यश भारत: जबलपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर भाजपा मंडल अध्यक्ष अकील अंसारी, गुलाम नबी और उसकी दो बहनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिलाओं का कहना है कि इन लोगों ने शादीशुदा और अविवाहित महिलाओं के नाम पर योजना की राशि निकाल ली और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
क्या है पूरा मामला?
मुस्कान और परवीन खान ने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष अकील अंसारी, गुलाम नबी और उसकी दो बहनें उन महिलाओं को निशाना बनाती हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। ये लोग मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत मिलने वाली ₹51,000 की राशि दिलवाने का झांसा देकर महिलाओं की आईडी और दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करते हैं। आरोप है कि ये लोग ऐसी महिलाओं को फंसाते हैं जिनकी शादी नहीं हुई है, और उनके नाम से फर्जीवाड़े को अंजाम देते हैं।
60 से 65 महिलाओं से धोखाधड़ी का आरोप:
शिकायत करने वाली महिलाओं ने दावा किया है कि लगभग 60 से 65 महिलाओं के साथ इस तरह की धोखाधड़ी की गई है। जब पीड़ित महिलाएं इन लोगों से अपने पैसे मांगती हैं, तो उन्हें गंदी-गंदी गालियां दी जाती हैं और जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। इस डर से कई महिलाओं ने पहले शिकायत नहीं की थी।
पुलिस ने शुरू की जांच:
महिलाओं ने सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर इन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सीएसपी ने बताया कि महिलाओं की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच अधारताल थाना प्रभारी को सौंप दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।







