कटनीमध्य प्रदेश

35 फीट गहरे कुएं में गिरे 15 जंगली सुअर, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

कटनी/रैपुरा, यशभारत। दक्षिण पन्ना वन मण्डल के अंतर्गत रैपुरा रेंज के ताखोरी गांव स्थित एक खेत में बने लगभग 35 फीट गहरे कुएं में गिरे 15 जंगली सुअरों को वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह रेस्क्यू अभियान लगभग दो घंटे तक चलाए, जिसमें वन अमले की सतर्कता और सूझबूझ से सभी वन्य प्राणियों की जान बचाई जा सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसारए खेत मालिक रतन सिंह यादव, निवासी ताखोरी निकट बीट घुटेही के खेत में स्थित कुएं में सुबह जंगली सुअरों का झुंड गिर गया था। सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब कुएं से आवाजें सुनीं तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक कुमार जैन के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम में परिक्षेत्र सहायक रंजना नागर, रामप्रताप गौतम, वनरक्षक प्रेम शंकर सिंह, धीरेंद्र सिंह, रजनीश चौरसिया, अरविंद सिंह एवं सतीश द्विवेदी शामिल रहे। टीम ने रस्सियों, जाल और अन्य उपकरणों की सहायता से एक-एक कर सभी 15 जंगली सुअरों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान विशेष सावधानी बरती गई ताकि किसी भी वन्य प्राणी को चोट न पहुंचे और स्टाफ भी सुरक्षित रहे। सभी सुअरों को प्राथमिक जांच के बाद नजदीकी सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि खुले कुओं और गहरे गड्ढों को ढंककर रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से वन्य जीवों और मवेशियों को बचाया जा सके। यह रेस्क्यू अभियान वन विभाग की तत्परता और वन्य जीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button