दुष्कर्म के आरोपी सलमान को संरक्षण देने वाले 3 गिरफ्तार

दुष्कर्म के आरोपी सलमान को संरक्षण देने वाले 3 गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। रायसेन के गौहरगंज में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म के जघन्य आरोपी सलमान की फरारी के दौरान चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी सलमान घटना के बाद चार दिन तक राजधानी भोपाल में खुलेआम घूमता रहा। रायसेन पुलिस ने आरोपी को फरारी के दौरान संरक्षण और मजदूरी देने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा कारणों से तीनों को भोपाल जेल में रखा गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ठेकेदार जैद खान और मकान मालिक इंसाफ हुसैन शामिल हैं, जिन्होंने उसे निर्माणाधीन मकान में तीन दिन तक मजदूरी दी, जिससे वह पुलिस की नजर से बचा रहा। तीसरा आरोपी शहजाद कबाड़ी है, जिसने सलमान से चोरी के मोबाइल के पुर्जे खरीदे। आरोपी सलमान ने
21 नवंबर को दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद जंगल में बनी एक झोपड़ी से दो मोबाइल चुराए और अपनी शर्ट बदली।
22 नवंबर: बस से हबीबगंज नाका पहुंचा। एक मोबाइल नाले में फेंककर डीआईजी बंगला होते हुए करोंद मंडी पहुंचा और सुनसान बिल्डिंग में रात काटी।
23 से 25 नवंबर: काम की तलाश में जैद खान और इंसाफ हुसैन से मिला, जिन्होंने उसे संरक्षण दिया और तीन दिन तक मजदूरी कराई।
26 नवंबर: दूसरा चोरी का मोबाइल तोड़कर उसके पुर्जे नारियलखेड़ा में शहजाद कबाड़ी को बेचे। इसी पैसे से शराब पीकर फुटपाथ पर सो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल, फिर भी अनदेखी: पुलिस ने पुष्टि की कि इस दौरान उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे, फिर भी वह आसानी से भोपाल में घूमता और मजदूरी करता रहा, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
युवकों की सतर्कता से दबोचा गया
सलमान को पकड़वाने में स्थानीय युवकों की सतर्कता अहम रही। 27 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे, सेक्टर 11 में कमरा तलाशते हुए उसे कुछ युवकों ने पहचाना। संदेह होने पर उन्होंने खजूरी थाने के पुलिसकर्मी को वॉट्सऐप पर उसकी तस्वीर भेजी। युवकों द्वारा पकड़े जाने पर सलमान ने खुद को रेप का आरोपी मानने से साफ इनकार किया और उसके पास कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला। रायसेन पुलिस टीम करीब डेढ़ घंटे बाद भोपाल पहुंची और गांधी नगर पुलिस के सहयोग से सलमान को अपने साथ ले गई। वही एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि मासूम बच्ची की हालत में सुधार होने के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और वह अब सुरक्षित अपने घर पहुंच चुकी है।







