बैरागढ़ में 24 वर्षीय सेल्समैन ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

बैरागढ़ में 24 वर्षीय सेल्समैन ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
भोपाल। राजधानी के बैरागढ़ क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ने शनिवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार विशाल अहिरवार (24) पुत्र प्रताप अहिरवार बैरागढ़ सीटीओ इलाके में परिवार के साथ रहता था। वह एक कपड़े की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान उसकी पत्नी ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात बढ़ने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान युवक की मां ने भी उसे फटकार लगाई।
परिजनों के मुताबिक विवाद से नाराज होकर विशाल ने पत्नी को कमरे से बाहर निकाल दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। कुछ देर बाद जब पत्नी और मां ने दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए।







