देश

22 लाख की अवैध शराब जब्त : 4 आरोपी भी गिरफ्तार, गैंग फरार 

Table of Contents

मंडला lपुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए  दो थाना क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान कुल 282 पेटी अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 91 हजार रुपए से अधिक है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि यह कार्रवाई बम्हनी थाना और महाराजपुर थाना अंतर्गत हिरदेनगर चौकी पुलिस की ओर से की गई। हिरदेनगर चौकी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी करते हुए आरोपी राहुल उइके के कब्जे से अवैध शराब बरामद की गई।

पुलिस ने पहले एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत और मिट्टी के बीच छिपाई गई 65 पेटियां पकड़ीं। इसके बाद राहुल उइके के चटुआमार स्थित घर से 60 पेटी शराब और मिली। इस तरह हिरदेनगर से कुल 125 पेटी (1112 लीटर) शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 18 हजार रुपए है।

बम्हनी थाना क्षेत्र के देवगांव निवासी पंचम नंदा और रमाकांत नंदा के ठिकानों पर छापेमारी में 62 पेटी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 56 हजार रुपए है। यह शराब अजय नंदा की बताई जा रही है। पड़ोसी मकान से 95 पेटी शराब और मिली, जिसकी कीमत 6 लाख 17 हजार रुपए है। बम्हनी थाना क्षेत्र से कुल 157 पेटी शराब (13 लाख 17 हजार रुपए कीमत) जब्त की गई।

एसपी सकलेचा ने बताया कि जब्त शराब के संबंध में आबकारी विभाग से संपर्क कर यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप किस दुकान या क्षेत्र से लाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य संलिप्त लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button