2 जुलाई को मिल सकता भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष, चुनाव के लिए 1 जुलाई को दाखिल होंगे नाम निर्देशन पत्र, वीडी का बदला जाना लगभग तय

भोपाल, यशभारत। एमपी बीजेपी को दो जुलाई को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव के लिए एक जुलाई को नाम निर्देशन पत्र दाखिल होंगे। अगले दिन भाजपा की वृहद कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि संगठन ने मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की जगह नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए निर्वाचन कार्यक्रम तय कर लिया है। चुनाव की प्रक्रिया चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में होगी। प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला का नाम बताया जा रहा है। हालांकि अर्चना चिटनिस,नरोत्तम मिश्रा भी प्रदेश अध्यक्ष की रेस में हैं। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि महाकौशल के किसी नेता की ताजपोशी भी हो सकती है। एक महिला नेता का नाम भी अचानक से दिल्ली पहुंचा है। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि संघ के पास भाजपा की ओर से दो नाम भेजे हैं, इनमें से कोई एक प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान होगा। अभी तक संघ की ओर से किसी नए विकल्प की उम्मीद नहीं है, लेकिन पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। कोई नया नाम भी इस खेल में शामिल हो सकता है। हेमंत खंडेलवाल और आदिवासी नेता दुर्गादास उईके का नाम भी तेजी से आगे बढ़ा है।








