देशमध्य प्रदेशराज्य
मेंहदवानी में कस्तूरबा गांधी माॅडल कन्या छात्रावास की छात्रा की मौत : गोंगपा ने किया प्रदर्शन , दोषियों पर कार्यवाही की मांग

डिंडौरी| जिले के विकास खंड मुख्यालय मेंहदवानी में स्थित शासकीय कस्तूरबा गांधी माॅडल कन्या छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही एक छात्रा का इलाज के लिए मंडला ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली छात्रा का नाम किसनिया नंदा पिता पहल सिंह है जो विकास खंड मेंहदवानी के ग्राम तेंदुडीह की निवासी थी।
इस संबंध में छात्रावास अधीक्षिका मिथलेश परस्ते ने बताया कि सोमवार से स्कूल टाइम में छात्रा किसनिया नंदा ने बताया कि स्वास्थ्य ठीक नहीं लग रहा है तब उन्होंने चौकीदार के साथ चार-पांच अन्य छात्राओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदवानी पहुंचाया था जहां से जांच के बाद डॉक्टर ने खून की कमी और छात्रा किसनिया नंदा की बिगड़ती तबियत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर लिया था और मुझे इसकी जानकारी दी तब मेरे द्वारा उनके परिजन को सूचना देकर बुलाया गया। डॉक्टर के द्वारा उचित इलाज के लिए मंडला रेफर की तैयारी करने लगे।
परिजन अपने रिस्क पर लिखित देकर छात्रा को ले गए घर
बीएमओ मेंहदवानी डॉ चन्द्रशेखर धुर्वे ने बताया कि छात्रा की जांच में पता चला कि उनके शरीर में मात्र 4 ग्राम खून था इस वजह से तबियत बिगड़ते जा रही थी जिससे उन्हें मंडला रेफर किया जा रहा था परन्तु परिजन उन्हें घर ले जाने की जिद में अड़ गए और लाख समझाने के बाद लिखित देकर अपने रिस्क पर छात्रा को अपने घर ले गए। रात्रि में लगभग 12 बजे जब छात्रा की स्थिति ज्यादा बिगड़ गई तो दोबारा अस्पताल लेकर आए तब छात्रा की गम्भीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय मंडला रेफर कर दिया गया।
छात्रा की मौत को लेकर गोंगपा का प्रदर्शन
छात्रा की मौत को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष रामप्रसाद तेकाम कार्यकर्ताओं को लेकर बस स्टैंड तिराहा मेंहदवानी में बैठ गए और छात्रावास प्रबंधन तथा स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। नायब तहसीलदार टी एल धुर्वे मौके पर पहुंच गए और समझा बुझाकर प्रदर्शन को शांत कराया। इस दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
इनका कहना है ….
परिजनों की मांग को देखते हुए शव परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
श्याम सुंदर उसराठे, थाना प्रभारी मेंहदवानी







