स्लीमनाबाद में वाहन चैकिंग के दौरान पकड़ा गया चोरी का आरोपी, बस स्टेंड से चुराई थी बुलेट, पुलिस ने की बरामद

कटनी, यशभारत। कोतवाली अंतर्गत राममनोहर लोहिया में बुलेट चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि राममनोहर लोहिया वार्ड निवासी रितेश सोनी की बुलेट विगत 2 मार्च को चोरी चली गई थी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। इस दौरान रेडियो मैसेेज के माध्यम से जिले के सभी थानों में सूचना दी गई एवं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरे चैक किए गए। पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि एक संदेही व्यक्ति लाल रंग की बुलेट लेकर स्लीमनाबाद की तरफ जाते देखा गया है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने ने स्लीमनाबाद थाना प्रभारी से संपर्क कर संदेही के बारे में अवगत कराया, साथ ही बस स्टेण्ड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय व उनकी टीम को स्लीमनाबाद तरफ रवाना किया। स्लीमनाबाद पुलिस ने स्टाफ के साथ वाहन चैकिंग लगाई। चैकिंग के दौरान संदेही बुलट के साथ निकला, जो पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। मौके पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मोहम्मद दानिश खान पिता मोहम्मद हुसैन निवासी जाकिर हुसैन वार्ड थाना गोहलपुर जबलपुर को गिरफ्तार किया एवं चोरी के वाहन को जब्त किया। पुलिस आरोपी का पूर्व अपराधिक रिकार्ड भी चैक कर रही है। पुलिस कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, बस स्टेण्ड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, नीरज पाण्डेय, स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश समन, एसआई अनिल यादव, एएसआई जुबेर अली एवं आरक्षक अतुल कुमार की अहम भूमिका रही।







