स्लीमनाबाद पुलिस का खुलासा: पिता के घर में बेटे ने ही कर डाली थी चोरी, 3 साथियों के साथ गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। पुलिस ने स्लीमनाबाद के ग्राम महगवां में हुई सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। 3 मार्च को हुई इस वारदात का मुख्य सूत्रधार कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़ित का अपना बेटा ही निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर करीब 8 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए हैं।
विश्वासघाती निकला बेटा
मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि फरियादी जगदेव प्रसाद हल्दकार के पुत्र दीपक उर्फ दीपू (27 वर्ष) ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर अपने घर को निशाना बनाया था। जब परिवार होली की पूजा करने गया था, तब सूने घर का फायदा उठाकर उसने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो दीपक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इन साथियों ने दिया वारदात में साथ
दीपक के साथ इस चोरी में उसके तीन अन्य मित्र भी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है:
* अर्पित राज (22 वर्ष) – निवासी महगवां
* जगमोहन पटेल (27 वर्ष) – निवासी पडरभाटा
* पवन कोल (19 वर्ष) – निवासी महगवां
8 लाख के जेवरात बरामद
पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी सुदेश सुमन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से चोरी गया माल बरामद किया। बरामद सामग्री में शामिल हैं:
* सोने की पंचाली, हार, मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, दो जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कंगन और अंगूठियां।
* चांदी की 8 जोड़ी पायल, करधन और नथ सहित अन्य आभूषण।
* बरामद किए गए इन जेवरात की कुल अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये है।
पुलिस टीम की तत्परता
महज एक सप्ताह के भीतर इस अंधे कत्ल जैसी गुत्थी को सुलझाने में थाना प्रभारी सुदेश सुमन, उपनिरीक्षक काशीराम झरिया, जुबेर अली, प्रेमशंकर पटेल, आशीष पटेल, दीपक यादव, लखन पटेल और अचल कुमार की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।







