स्टेशन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हाईवे पर बढ़ा ट्रैफिक, बड़े वाहनों का रूट डायवर्ट, महाशिवरात्रि पर आखिरी स्नान 26 फरवरी को

कटनी, यशभारत। प्रयागराज में मकर संक्रांति 14 जनवरी से चल रहे महाकुंभ का आखिरी स्नान महाशिवरात्रि पर 26 फरवरी को है, जिसके चलते बड़ी तादात में श्रद्धालु प्रयागराज के लिए रवाना हो रहे हैं। महाकुंभ में आस्था की डुबी लगाकर पुण्यलार्भ अर्जित करने के लिए कटनी जंक्शन स्टेशन में एक बार फिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कुंभ मेला स्पेशल के अलावा रूटीन टे्रनों से हजारों लोग प्रयागराज के लिए रवाना हुए। उधर दूसरी तरफ नेशनल हाइवे नंबर 30 पर भी ट्र्रैफिक लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि यातयात पुलिस को बड़े वाहनों का रूट डायवर्ट करना पड़ा है और प्रयागराज जाने वाले वाहनों को पहले आगे के लिए रवाना किया जा रहा है। बताया जाता है कि सतना की ओर जाने वाले बड़े वाहनों को उमरिया, शहडोल की ओर रवाना किया गया है, जिससे इस मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित न हो सके। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर प्रयागराज में आखिरी स्नान के लिए हजारों श्रद्धालु आतुर दिख रहे हैं। शाम होते ही मुड़वारा स्टेशन से बड़ी तादात में लोग कटनी जंक्शन के लिए जाते हुए देखे जा सकते हैं। आलम यह है कि पिछले दो दिनों से कटनी जंक्शन पर एक बार फिर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। प्लेटफार्म पर जैसे ही प्रयागराज के लिए ट्रेन आती है, वैसे ही लोगों की भारी भीड़ टूट पड़ती है। टे्रन के अंदर घुसने की हर कोई जद्दोजहद करता हुआ नजर आता है। स्पेशल टे्रनों में तो फिर भी जगह मिल रही है, लेकिन प्रयागराज जाने वाली अन्य टे्रनें तो पहले से ही हाऊसफुल चल रही है। अत्यधिक भीड़ के चलते जीआरपी, आरपीएफ और कोतवाली पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ रहा है। इसके बावजूद भीड़ इतनी अधिक है कि पुलिस परेशान होती हुई दिख रही है। रेल प्रशासन द्वारा कुंभ यात्रियों के लिए मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई है, जिससे काफी कुछ राहत मिली है।
इनका कहना है
प्रयागराज जाने के लिए कटनी स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़़ रही है। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है और मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। कल रात से लेकर आज सुबह 4 स्पेशल ट्रेनों को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया है। इसके अलावा नियमित रूप से चलने वाली टे्रनों से भी यात्री प्रयागराज जा रहे हैं। अब तक 15 हजार श्रद्धालुओं को प्रयागराज रवाना किया गया है।
-संजय दुबे
कटनी स्टेशन अधीक्षक








