मध्य प्रदेश

सुकतरा हवाई पट्टी सील, प्रशिक्षु उड़ानों पर विराम : अनुबंध का उल्लंघन करने पर हुई कार्यवाही

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी मुख्यालय से लगभग 20 किमी दूर नागपुर नेशनल हाईवे के पास स्थित सुकतरा हवाई पट्टी को राजस्व अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए सील कर दिया है। कलेक्टर के आदेश पर कुरई के प्रभारी एसडीएम विजय सेन,तहसीलदार हिमांशु कौशल, सतीश चौधरी,नायब तहसीलदार दामोदर दुबे के अलावा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री आर.के. हनुमंते की उपस्थिति में अनुबंध पर मेस्को एयर स्पेस कंपनी को दी गई हबाई पट्टी को सील कर संपत्ति को विभाग ने अपने अधिपत्य में ले लिया है।हवाई पट्टी को सील करने के बाद गेट पर लोक निर्माण विभाग ने एक आम सूचना भी चस्पा कर दी है। सुकतरा हवाई पट्टी पर बीते कुछ सालों से रेडबर्ड एविशन कंपनी विमान उड़ान का प्रशिक्षण केंद्र संचालित कर रहा था। प्रशिक्षु उड़ानों के दौरान इसी साल अप्रैल से अब तक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की तीन घटनाएं घटित हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में सुकतरा हवाई पट्टी 15 सालों के लीज अनुबंध पर मेस्को एरो स्पेस कंपनी को एरो स्पोर्टस व अन्य गतिविधियों के लिए राज्य सरकार ने दी थी, जिसके बदले प्रतिवर्ष छह लाख रुपये कंपनी द्वारा भुगतान किया जाता था। हवाई पट्टी में बीते कुछ वर्षों से रेडबर्ड एविशन कंपनी द्वारा हवाई प्रशिक्षण दिया जा रहा था। सूत्रों के अनुसार प्रत्येक माह प्रशिक्षण संबंधी उड़ानों की विस्तृत जानकारी संबंधित कंपनी को डीजीसीए के पास भेजना होता है। इसको लेकर लगातार पत्राचार डीजीसीए की ओर से किया जा रहा था। कहा जा रहा है कि डीजीसीए के पत्रों का संतोषजनक जवाब मेस्को एरो स्पेस व संबंधित प्रशिक्षण कंपनी से नहीं मिलने तथा लीज की शर्तों का उल्लंघन पर राज्य सरकार व डीजीसीए ने कार्रवाई करते हुए सुकतरा हवाई पट्टी व प्रशिक्षण केंद्र को सील कर दिया है। साथ ही बकाया लीज राशि वसूल करने की कार्रवाई की जा रही है।मेस्को एरो स्पैस कंपनी ने कितनी लीज राशि का भुगतान नागरिक उड्‌डयन मंत्रालय को किया है, इसकी जानकारी राजस्व अधिकारियों ने भोपाल कार्यालय से मांगी है।

पूरे परिसर में लगाया ताला:-

सुकतरा में मेस्को ऐरो स्पेस द्वारा संचालित हवाई पट्टी को राज्य सरकार व सिवनी कलेक्टर के आदेश पर कुरई एसडीएम, थाना प्रभारी, तहसीलदार, सुकतरा राजस्व निरीक्षक, पटवारियों की उपस्थिति में सील कर यह संपत्ति लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दी गई है। जानकारी के अनुसार प्रशासन ने न केवल हवाई पट्टी को सील किया, बल्कि परिसर में मौजूद विमान को भी सील कर दिया है। साथ ही हवाई पट्टी संचालन करने कंपनी द्वारा जमा की गई अमानत राशि भी सीज कर ली है।

घनी आबादी क्षेत्र में उड़ान से चिंतित थे शहरवासी शहर की घनी आबादी क्षेत्र में प्रतिदिन प्रशिक्षु विमान (एयर क्राफ्ट) द्वारा उड़ान भरते हुए मंडराते दिखते थे। तीसरी बार प्रशिक्षु विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से शहरवासियों की चिंता बढ़ गई थी। शहरवासी लगातार आबादी क्षेत्र से दूर खेतों अथवा सुरक्षित दायरे में प्रशिक्षु विमान उड़ाने की मांग कर रहे थे।

गौरतलब है कि शहर से 20 किमी दूर सिवनी नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 44 में सुकतरा हवाई पट्टी (एयर स्ट्रिप) से 500 मीटर आमगांव के खेत में 8 दिसंबर की शाम रेडबर्ड एविएशन कंपनी का ट्रेनी विमान 33 केवी हाई वोल्टेज लाइन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना से बिजली लाइन क्षप्तिग्रस्त होने से बादलपार व ग्वारी सब स्टेशन के लगभग 80 से 90 गांव के 16 हजार परिवारों को 5 घंटे अंधेरे में रहना पड़ा था। बिजली कंपनी ने सुधार के बाद रात 11 बजे सभी गांव में आपूर्ति पुनः बहाल हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button