कटनीमध्य प्रदेश

सीडीआर की जांच कर रही पुलिस, गोलीकांड का राज खुला तो कई चेहरे होंगे बेनकाब ?

WhatsApp Icon Join Youtube Channel

कटनी, यशभारत। नई बस्ती में बुधवार की सुुबह हुए गोलीकांड के बाद कोतवाली पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है, हालांकि पुलिस के हाथ अभी तक ऐसा कोई तथ्य या सुराग नहीं लगा है, जिससे वारदात का खुलासा हो सके। घटना किन कारणों से और किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसका पता लगा रही है। मृतक मयंक अग्रहरि के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है, जिससे यह पता लग सके कि घटना के पहले उसकी किन-किन लोगों से बात हुई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त माऊजर के संबंध में भी पतासाजी की जा रही है। वहीं मृतक मयंक अग्रहरि एवं उसके बेटे शुभ का आज नदीपार स्थित मुक्तिधाम में अत्यंत ही गमगीन एवं शोकपूर्ण माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
गौरतलब है कि नई बस्ती शहीद द्वार के पास रहने वाले मयंक अग्रहरि ने बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे अपने 4 वर्षीय मासूम बालक शुभ अग्रहरि की माऊजर से गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के वक्त युवक के सिर पर खून सवार था, वह अपनी पत्नी मानवी की जान भी लेना चाह रहा था, लेकिन पत्नी ने भागकर अपनी जान बचाई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जमा हो गए थे। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी और जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। नई बस्ती में हुई इस घटना के बाद एसपी अभिजीत रंजन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि वारदात के बाद पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बच्चे को गोली मारने के बाद मयंक ऊपर वाले कमरे में चला गया और अंदर से कमरा बंद कर खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। गोली की आवाज से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक मयंक अग्रहरी स्टाम्प वेंडर का काम करता था। किसी बात को लेकर आज सुबह पति पत्नी के बीच आपसी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोश में आकर मयंक ने इस घटना को अंजाम दे दिया। हालांकि पुलिस ने जब प्रारंभिक तौर पर पत्नी मानवी अग्रहरि से बात की तो कर्ज की बात सामने आई लेकिन मयंक पर कितना कर्ज था और क्या कर्ज के बदले लोग उसे परेशान कर रहे थे, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली सकी है।
कर्ज की बात सामने आई
मयंक अग्रहरि स्टाम्प वेंडर का काम करता था। इस काम में ज्यादा मुनाफा नहीं होने की वजह से वह परेशान रहता था और दूसरे बिजनेस कर रहा था। जिसमे बीसी और ब्याज में रूपए देने की भी बात पता चली है, हालांकि इसमे कितनी सच्चाई है, यह तो पुलिस की जांच में बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इनका कहना है
पुलिस सारे तथ्यों पर गहन जांच पड़ताल कर रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। घटना के पहले उसने किन लोगों से आखिरी बार बात की है, उनसे भी घटना के संबंध में पूछताछ की जाएगी। कर्ज की बात भी सामने आई है लेकिन उसके रहन-सहन को देखते हुए ऐसा प्रतीत नहीं होता कि उसके ऊपर कोई कर्ज रहा होगा। क्रिकेट के सट्टे और ब्याज में रूपए देने की बात भी सामने आ रही है। फारेसिंग एक्सपर्ट ने मौके पर बेसिक जांच पड़ताल की है। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ ऐसा कोई सुराग नहीं लगा है, जिससे घटना के कारणों का खुलासा हो सके। वारदात में प्रयोग किए गए माऊजर के संबंध में भी तहकीकात की जा रही है।
-डॉ. संतोष डेहरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
नई बस्ती में हुए इस गोलकांड की जांच की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल से माऊजर एवं अन्य सुराग बरामद किए गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। कॉल डिटेल की जांच की जा रही है।
-आशीष शर्मा, टीआई कोतवाली

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button