जबलपुरमध्य प्रदेश

सिंगरौली में बवाल: 15 साल के किशोर की हत्या के बाद भड़की हिंसा, मोरवा थाने पर पथराव और पेट्रोल बम से हमला

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक 15 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या के बाद उपजा जनाक्रोश हिंसक बवाल में तब्दील हो गया। बुधवार शाम करीब 7 बजे गुस्साए लोगों की भीड़ ने मोरवा पुलिस स्टेशन पर धावा बोल दिया, जिससे इलाके में युद्ध जैसे हालात बन गए। भीड़ की ओर से की गई भारी पत्थरबाजी के जवाब में पुलिस को मजबूरन आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। तनाव उस वक्त चरम पर पहुँच गया जब भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने थाने के भीतर पेट्रोल बम फेंक दिए, जिससे पुलिस कर्मियों में भी अफरा-तफरी मच गई।

हिंसा का दौर यहीं नहीं थमा; रात करीब 10 बजे आक्रोशित भीड़ आरोपी के घर तक पहुँच गई और वहां खड़ी एक कार को आग के हवाले कर दिया। आगजनी और पथराव की इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और आला अधिकारी खुद मौके पर रहकर पल-पल की निगरानी कर रहे हैं। इस बीच, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button