देश

सामुदायिक भवन क्षेत्र के पास फिर बवाल — गांजा बिक्री को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, होली के बाद अब दीपावली पर दोबारा तनाव, स्थानीयों ने उठाई प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

जबलपुर, यश भारत। सामुदायिक भवन क्षेत्र में अवैध गांजा बिक्री को लेकर एक बार फिर तनाव भड़क उठा है। मंगलवार देर शाम दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। स्थिति को संभालने के लिए ओमती, हनुमानताल बेलबाग आसपास के तीन थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात करना पड़ा।

 

सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत कथित तौर पर एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के घर के पीछे बने स्थान से हुई, जहां लंबे समय से गांजा बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व यहां खुलेआम नशे का कारोबार करते हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा और आपराधिक घटनाएं बढ़ गई हैं।

पिछले साल भी मचा था हंगामा

स्थानीयों ने याद दिलाया कि पिछले वर्ष भी होली के बाद इसी मुद्दे पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे, जिसके बाद प्रशासन को क्षेत्र को छावनी क्षेत्र में बदलना पड़ा था। लोगों का कहना है कि तब पुलिस और प्रशासन ने अस्थायी रूप से कार्रवाई की, परंतु अवैध गतिविधियां फिर से शुरू हो गईं।

पुलिस ने किया हालात पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी ओमती, टीआई सदर समेत कई अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती जारी है।

स्थानीयों की मांग — स्थायी कार्रवाई हो

इलाके के नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और सामुदायिक भवन क्षेत्र को “नशा मुक्त ज़ोन” घोषित किया जाए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है और जल्द ही मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button