जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

सहस्त्रधारा कॉलेज में नर्सिंग छात्राओं का हंगामा :  प्राचार्य पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, संस्था के मेन गेट पर लगाया ताला

मंडला, यश भारत l जिले के आमानाला गांव स्थित सहस्त्रधारा कॉलेज में नर्सिंग छात्राओं ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने प्राचार्य बबिता चौरे पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित के आरोप लगाते हुए संस्था के मेन गेट पर ताला लगा दिया।

 

छात्राएं संस्था के डायरेक्टर को बुलाने की मांग कर रही थी। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर मेन गेट का ताला खोला गया।छात्राओं ने बताया कि प्राचार्य बबिता चौरे उन्हें करीब एक साल से शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दे रही है।

 

 

छात्राओं ने आरोप लगाया कि ट्यूशन फीस ना लाने पर तुंरत इंस्टीट्यूट से भगा दिया जाता है। जरा सी बात पर उठक-बैठक लगवाई जाती है और अनेक बार सॉरी बोलने मजबूर किया जाता है। विरोध जताने पर प्रेक्टिकल में नंबर काटने की धमकी दी जाती है। इसकी शिकायत हमने प्रशासनिक और प्रबंधन से भी की है।छात्राओं ने बताया कि उन्होंने संस्था के डायरेक्टर अमृत लाल धुवारे से सम्पर्क किया, लेकिन वो भी बात नहीं सुन रहे है। जन सुनवाई में आवेदन देकर प्राचार्य को हटाने की मांग भी की थी।

 

लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होने पर मजबूरन हमें ये आंदोलन करना पड़ा। एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री रामाधार सिंह ने बताया कि नर्सिंग की छात्राओं ने हमें फोन कर आंदोलन की जानकारी दी थी। जिसके बाद कार्यकर्ता उनके समर्थन में वहां पहुंचे थे। ये आंदोलन पूरी तरह से छात्राओं का था।

 

वहीं संस्थान के प्रभारी प्राचार्य मथुरा प्रसाद कोकडिया ने बताया कि जीएनएम सेक्शन के बच्चों ने प्राचार्य बबिता चौरे के खिलाफ कुछ शिकायत करते हुए स्ट्राइक की है। उन्होंने प्रबंधन के सामने शिकायत रखी थी। वे चाह रहे थे कि प्रबंधन, डायरेक्टर उसका जवाब दें। हमारी उनसे बात हो रही थी, उसी बीच उन्होंने तालाबंदी कर दी। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 से स्टाफ की तीन महिला कुल 5 कर्मचारी केद हो गए।

Related Articles

Back to top button