मध्य प्रदेशराज्य

सनसनीखेज वारदात:  महिला डांसर की संदिग्ध हत्या, घर के डबल बेड में मिला अर्धनग्न शव.. क्षेत्र में हड़कंप 

Table of Contents

सागर ,यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के खुरई शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सहोदरा राय वार्ड में रहने वाली एक 45 वर्षीय महिला डांसर का शव उसके ही घर के अंदर डबल बेड के बॉक्स में मिला। शव अर्धनग्न अवस्था में था और उससे उठती तेज दुर्गंध से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसे अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बेड में बंद कर दिया था।

बदबू और खून ने खोला राज

मृतका की पहचान ममता अहिरवार के रूप में हुई है। घटना का हृदयविदारक खुलासा तब हुआ जब गंजबासौदा में रह रहे मृतका के बेटे देव और बेटी मुस्कान खुरई पहुंचे। घर बाहर से बंद था, लेकिन जब उन्होंने ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया तो पूरे कमरे में खून फैला हुआ था और असहनीय बदबू आ रही थी। संदेह होने पर जब उन्होंने कमरे में रखे डबल बेड को खोलकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई; अंदर उनकी मां का शव पड़ा हुआ था, जिसमें कीड़े पड़ चुके थे।

5 अप्रैल से बंद था मोबाइल

परिजनों ने बताया कि ममता शादी-ब्याह और प्रसिद्ध करीला मेले जैसे आयोजनों में ग्रुप डांस कर परिवार का गुजर-बसर करती थीं। बच्चों की उनसे अंतिम बार बात 5 अप्रैल को हुई थी, तब उन्होंने बीना रिफाइनरी के पास एक कार्यक्रम में होने की बात कही थी। इसके बाद से उनका फोन बंद आने लगा। शनिवार को जब कोई सुराग नहीं मिला तो बेटे ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह खौफनाक हकीकत सामने आई।

फॉरेंसिक जांच और साक्ष्यों का संकलन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घर को सील कर दिया गया। सागर से बुलाई गई एफएसएल टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हत्या 3-4 दिन पहले की गई है। पुलिस अब मृतका की कॉल डिटेल्स और अंतिम बार उनके साथ देखे गए संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

एडिशनल एसपी संजीव कुमार उईके ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि “मामला बेहद गंभीर है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। शव की स्थिति और साक्ष्यों को देखते हुए हत्या की प्रबल आशंका है। हमने अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और मृतका के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

वहीं थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है। शव काफी हद तक सड़ चुका है, जिससे प्रारंभिक तौर पर बाहरी चोटें स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन परिस्थितियां गला दबाकर हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। हमने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button