संवाद से ही खुलता है समाधान का रास्ता : एसपी, पुलिस- पत्रकार मिलन समारोह में सजी गीत संगीत की महफ़िल

कटनी। पुलिस और पत्रकारों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा गुरुवार को पुलिस पत्रकार मिलन समारोह का आयोजन सत्यम मैरिज गार्डन में किया गया। समारोह में गीत-संगीत की शानदार महफ़िल सजी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ ही पत्रकार साथियों ने भी एक से बढ़कर एक नगमे गुनगुनाये। पुलिस और मीडिया के बीच आपसी तालमेल और संवाद को लेकर विभाग की यह पहल सराहनीय है। एसपी ने कहा कि संवाद से ही समाधान का रास्ता खुलता है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने शिरकत की। अन्य अतिथियों के रुप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती ख्याति मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार नन्दलाल सिंह, यशभारत के ग्रुप एडिटर आशीष सोनी एवं वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा मंचासीन रहे। समारोह के प्रारम्भ में मंचासीन अतिथियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया गया और दीप प्रज्वलन कर समारोह की शुरुआत की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन का स्वागत माधवनगर टीआई अनूप सिंह ठाकुर, एडिशनल एसपी डॉ संतोष डेहरिया का स्वागत कोतवाली टीआई आशीष शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा का स्वागत महिला थाना प्रभारी रश्मि सोनकर एवं वरिष्ठ पत्रकार नन्दलाल सिंह, यश भारत के ग्रुप एडिटर आशीष सोनी एवं वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा का भी पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में वरिष्ठ पत्रकार नन्दलाल सिंह ने अपने उद्बोधन में 1857 के स्वाधीनता संग्राम से लेकर मुड़वारा को बारडोली का नाम मिलने तक की जानकारी से अवगत कराया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने कहा कि पुलिस विभाग ज्वॉइन करने के बाद से लेकर अब तक मैने प्रदेश के कई जिलों में सेवाएं दी लेकिन कटनी कुछ अलग ही जिला है। इसकी अपनी अलग विशेषताएं हैं। आसपास के जिलों की तुलना में यहां अपराधों का ग्राफ भी काफी कम है। यहां मुझे काफी कुछ सीखने को मिला है। पड़ोसी जिलों की तुलना में कटनी जिला न केवल शांत है बल्कि यहां के लोगों का स्वभाव भी काफी सहयोगात्मक है। औद्योगिक और व्यापारिक नगरी होने के कारण कटनी जिले की अलग ही पहचान है। खास बात यह है कि भारत का भौगोलिक केंद्र बिंदु भी कटनी जिले में ही है। सांस्कृतिक राजधानी के रूप में पुष्पावती नगरी बिलहरी भी कटनी जिले में ही है। उन्होंने कहा भारत में विवेकानंद जैसे महापुरुष भी हुए, जिन्होंने शून्य पर अपनी बात रखते हुए सारी दुनियां का ध्यान अपनी ओर खींचा। हमें उनसे शिक्षा लेना चाहिए। यहां सर्विस करते हुए मुझे ऐसा लगा कि मैं अपने घर पर ही हूं। एसपी श्री रंजन ने कहा कि कटनी जिले में पोस्टिंग के बाद संगठित अपराधों पर रोक लगाना और लंबे समय से फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखो तक भेजना पुलिस की बड़ी उपलब्धि रही। कइयों बार मुझे पत्रकारों से ही सूचनाएं प्राप्त हुई और इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस को बड़ी सफलताएं मिली। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और पुलिसिंग व्यवस्था एक दूसरे के पर्याय है। एक के बिना दूसरे की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकार अगर किसी विषय को उठाते हैं तो मैं उसे आलोचना के रूप में नहीं लेता बल्कि उससे प्रेरणा लेकर अपनी कार्यपद्धति में सुधारात्मक बदलाव करता हूं।
आज मौसम बड़ा बेईमान है….
कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत का दौर भी चलता रहा। यशभारत के ग्रुप एडिटर आशीष सोनी ने आज मौसम बड़ा बेईमान है… की शानदार प्रस्तुति देकर माहोल में रंग जमा दिया। महिला थाना प्रभारी रश्मि सोनकर, माधवनगर टीआई अनूप सिंह एवं कोतवाली टीआई आशीष शर्मा ने भी भी एक से बढ़कर एक नग्मे गुनगुना कर जमकर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के अंत में केक काटकर पत्रकार सुजीत सिंह का जन्म दिवस भी मनाया गया। समारोह का संचालन और आभार प्रदर्शन कोतवाली टीआई आशीष शर्मा ने किया। पुलिस विभाग और पत्रकारों के सहयोग से कार्यक्रम यादगार बन गया।








