शिवपुरी में वकील की हत्या का विरोध, कटनी में हड़ताल में रहे अधिवक्ता, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

कटनी, यश भारत। शिवपुरी में एक वकील की गोली मारकर हत्या के विरोध में आज कटनी में भी अधिवक्ताओं में आक्रोश देखा गया। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में आज बड़ी संख्या में वकीलों ने कलेक्टर कार्यालय पंहुचकर विरोध प्रदर्शन किया। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर आज जिले के वकील प्रदेश व्यापी हड़ताल पर रहे। कटनी जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला के साथ सैकड़ो वकीलों ने काम बंद का समर्थन किया। इसके उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में आये दिन अधिवक्ता समाज पर अपराधिक तत्वों द्वारा हमला किया जा रहा है। विगत 14 फरवरी को शिवपुरी में अधिवैद्युत्ता संजय सक्सेना की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई, जब वे नियमित न्यायालयीन कार्य से अधिवक्ता के गणवेश में पैरवी हेतु न्यायालय आ रहे थे। ईस घटना से पूरा अधिवक्ता समाज आहत एवं आकोशित है एवं आज न्यायालयीन कार्य से विरत है। शासन द्वारा विगत लंबे समय से अधिवक्ताओं को उनके सुरक्षा हेतु अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने का आश्वासन दिया जाता रहा है तथा चुनाव के समय भी अधिवक्ताओं को उनकी सुरक्षा के लिए आश्वस्त किया जाता है, किन्तु आज तक अधिवक्ता समाज की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार द्वारा संवेदनशील रवैया अपना कर उक्त एक्ट को लागू नहीं किया गया। जिला अधिवक्ता संघ ने ज्ञापन के जरिये अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने एवं शिवपुरी में अधिवक्ता की हयी हत्या के दोषियों को अविलंब कठोर कार्यवाही की मांग की है।







