सतना, यश भारत।शादी का वादा कर एक युवती के साथ लगातार दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला जिले के नागौद थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वीरपुर गांव निवासी सत्यम सिंह पटेल (21) पिता ओमप्रकाश पटेल ने फोन पर बातचीत के जरिए युवती से संपर्क बढ़ाया। बातचीत के दौरान उसने शादी करने की इच्छा जताई और भरोसा जीत लिया। करीब सात माह पूर्व जब पीड़िता खेत की ओर पानी भरने जा रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में रोककर शादी का झांसा देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने इसके बाद भी कई बार शादी का भरोसा दिलाकर शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने विवाह की बात आगे बढ़ाने का दबाव बनाया तो आरोपी ने किनारा कर लिया और संपर्क कम कर दिया।
खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद मामला थाने पहुंचा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Back to top button