मध्य प्रदेशराज्य

विरासत से विकास की उड़ान शुरू होगी, ऐरण बनेगा विश्व पर्यटन स्थल : उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले की ऐतिहासिक विरासत ऐरण को विश्व पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। जिसके साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे एवं क्षेत्र समृद्ध बनेगा, विरासत से विकास की उड़ान भी शुरू होगी। उक्त विचार उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सागर जिले के बीना में तीन दिवसीय ऐरण महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किये।

उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ऐरण महोत्सव में बोलते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में लगातार ऐतिहासिक स्थलों पर महोत्सव आयोजित कर उनकी गरिमा एवं पर्यटन को बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में यह ऐरण विश्व पर्यटक स्थल के रूप में स्थापित होगा और यहां बड़ी संख्या में सैलानी एवं पर्यटक आएंगे। उन्होंने कहा कि यहां बीना नदी के कारण यह स्थल और भी मनोरम है। उन्होंने कहा कि यहां की ऐतिहासिक विष्णु भगवान की मूर्ति देखकर लगता है कि सैकड़ों हजारों वर्ष पूर्व भी यहां के कलाकार कितने कुशल एवं दक्ष रहे होंगे, जिन्होंने इतनी अच्छी नक्काशी के माध्यम से उनको मूर्ति रूप दिया। उन्होंने कहा कि इतिहास परंपरा को आधुनिकता से जोड़ने का कार्य ऐरण महोत्सव करेगा।

उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ऐरण में बीना नदी में गंगा आरती की। इस अवसर पर विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, एडिशनल कलेक्टर अविनाश रावत, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे। 

ऐरण महोत्सव के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पुरातत्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ मोहन लाल चढ़ार एवं डॉ हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ नागेश दुबे को शाल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। 1700 वर्ष पुराने ऐरण के विष्णु भगवान के मंदिर एवं विभिन्न अवतारों की पुरातत्व विभाग के अधिकारी डा मोहन लाल चढ़ार एवं डॉ नागेश दुबे ने विस्तार से जानकारी दी। 

जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा सभी क्षेत्र में कार्य किया जा रहे हैं और यह ऐरण महोत्सव मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयास के माध्यम से किया जा रहा है।

         प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल के यहां पहुंचने पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया, विधायक निर्मला सप्रे एवं पार्टी पदाधिकारी व स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बीना में स्वागत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कार्यकर्ताओं से भेंट कर चर्चा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button