वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में निगम सख्त, वारंट वसूली अभियान तेज

वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में निगम सख्त, वारंट वसूली अभियान तेज
कटनी , यशभारत। वित्तीय वर्ष समाप्ति में मात्र चार दिन शेष रह जाने के चलते नगर निगम प्रशासन ने बकाया कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। निगम द्वारा पूर्व में जारी वारंट की समय-सीमा समाप्त होने के बाद अब बकायादारों के खिलाफ तेज कार्रवाई की जा रही है।
शासन द्वारा लोक अदालत की तर्ज पर दी जा रही छूट का लाभ दिलाने के साथ-साथ निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए निगम का राजस्व अमला सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र के एक व्यवसायी के यहां वारंट वसूली की कार्रवाई की गई, जहां 2 लाख 1 हजार 473 रुपये की बकाया राशि वसूल कर निगम कोष में जमा कराई गई।
निगम की यह कार्रवाई अन्य बकायादारों के लिए स्पष्ट संदेश मानी जा रही है कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, राजस्व निरीक्षक मुकेश राजपूत एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित राजस्व एवं अतिक्रमण अमले के कर्मचारी मौजूद रहे।
निगम प्रशासन ने साफ किया है कि बड़े बकायादारों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपने बकाया कर जमा कर शासन द्वारा प्रदान की जा रही छूट का लाभ उठाएं और दंडात्मक कार्रवाई से बचते हुए नगर विकास में सहयोग दें।







