जबलपुरमध्य प्रदेश

विजय नगर में अवैध गैस रिफिलिंग के काले कारोबार का भंडाफोड़, पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचा

जबलपुर यश भारत । जबलपुर के विजय नगर थाना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आलू-प्याज मंडी क्षेत्र में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जो बिना किसी सुरक्षा मानकों के बेहद खतरनाक तरीके से गैस की हेराफेरी कर रहा था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की छापेमारी

पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि विजय नगर की आलू-प्याज मंडी में एक व्यक्ति अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे खाली सिलेंडरों में भर रहा है और उन्हें अवैध तरीके से बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मौके पर पहुंचकर आरोपी को गैस रिफिलिंग की तैयारी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान सोनू रजक (43 वर्ष), निवासी महाराजपुर गौतम नगर (अधारताल) के रूप में हुई है।

बरामदगी और सुरक्षा पर खतरा

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एचपी कंपनी के दो सिलेंडर (एक आधा भरा और एक खाली), एक अन्य कंपनी का सिलेंडर, गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी गैस भरने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार, इस तरह की अवैध रिफिलिंग रिहायशी इलाकों में एक बड़े हादसे को दावत दे सकती थी, जिससे जनहानि का गंभीर खतरा बना हुआ था।

आरोपी पर सख्त धाराओं में मामला दर्ज

विजय नगर पुलिस ने आरोपी सोनू रजक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह मर्सकोले के साथ प्रधान आरक्षक प्रमोद मिश्रा, आरक्षक दीपक राजपूत, रूपेश जगेत, रामेश्वर बॉक्सर और सुदीप ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी को ये घरेलू सिलेंडर कहाँ से उपलब्ध होते थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button