देश

विजन मंडला 2047- जिले के नागरिक हवाई जहाज से करेंगे यात्रा  :  मंत्री श्रीमती संपतिया उइके की अध्यक्षता में विजन मंडला-2047 प्रथम प्रारूप परिचर्चा की बैठक  आयोजित

मंडला|  प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। जिले में प्रशासन गांव की ओर अभियान चलाया जाएगा, जिससे विकसित समृद्ध और संपन्न मंडला का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने अभियान में शहर और गांव को जोडऩे का कार्य किया है। जिससे समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके गुरूवार को जिला योजना भवन में आयोजित विजन मंडला-2047 प्रथम प्रारूप परिचर्चा की बैठक को संबोधित कर रही थी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने आयोजित बैठक के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। बैठक में मंत्री श्रीमती संपतिया उइके सहित समस्त मंचासीनों को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

लाल पत्थरों से होगा महिष्मती घाट का निर्माण 

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि जिला प्रशासन के द्वारा जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मरक्षा, रोजगार, कला, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में चौदह प्रकार के अभियान चलाए जा रहे हैं। जिले में सभी अभियान सफल रहे हैं, इस अभियान में जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी, पत्रकारों और नागरिकों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज आयोजित इस बैठक में जिले को समृद्ध, विकसित और संपन्न बनाने के लिए सभी द्वारा विजन डॉक्यूमेंट मंडला में परिचर्चा की जाएगी। मंडला जिले के विकास के लिए सभी से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे कि 2047 में मंडला जिले का परिदृश्य कैसा होगा। उन्होंने बताया कि मंडला जिला मुख्यालय उदयचौक में पार्किंग व्यवस्था के लिए सात करोड़ रूपए प्रदान किए गए हैं। नगर की सौन्दर्यता एवं पाईप लाईन निर्माण के लिए भी राशि जारी की गई है। उन्होंने बताया कि माहिष्मती घाट का निर्माण लाल पत्थरों से किया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ रूपए की राशि जारी की गई है। पंचचौकी महाआरती के लिए पांच लाख रूपए प्रदान किए गए हैं।

पर्यटन क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा 

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि विजन मंडला/2047 तक मंडला जिले के नागरिक हवाई जहाज से यात्रा करेंगे। ग्राम ग्वारा में हवाई पट्टी का निर्माण किया गया है। नागरिकों को पीएमश्री योजना के तहत हेलीकॉप्टर के माध्यम से उपचार के लिए महानगरों में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि कान्हा नेशनल पार्क में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा दिया जाएगा। मंडला जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। जिससे मंडला जिले में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। मंडला जिले में सड़क मार्ग और पुल-पुलियों का सौन्दर्यीकरण कर निर्माण किया जाएगा। नैनपुर-मंडला बायपास का निर्माण किया जाएगा। मंडला जिले की स्वसहायता समूह की महिलाओं को परिचर्चा एवं कार्ययोजना बनाने के लिए बैठक आयोजित करने के लिए सामुदायिक ग्राम संगठन भवनों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडला जिले में वर्तमान समय में पचास सामुदायिक ग्राम संगठन भवन का निर्माण किया जा रहा है। प्रत्येक सामुदायिक भवन निर्माण के लिए पंद्रह-पंद्रह लाख रूपए की राशि जारी की गई हैं।

जिले में अर्धकुंभ स्थल को किया जाएगा व्यवस्थित 

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि मंडला नगर की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए लालीपुर से बिनेका तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। महाराजपुर से पुरवा को जोड़ते हुए बंजर नदी में ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सामाजिक संगठनों के लिए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए बीस-बीस लाख रूपए जारी किए गए हैं। नर्मदा नदी की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सामुदायिक भवन और शौचालयों का निर्माण किया जाएगा, जिससे नर्मदा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने बताया कि मंडला जिले में अर्धकुम्भ स्थल को व्यवस्थित किया जाएगा। जिससे जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। अर्धकुम्भ स्थल में सौ करोड़ की लागत से सामुदायिक भवन, होम स्टे, सेल्फी प्वाईंट, ऑडीटोरियम एवं अन्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ऑडीटोरियम का निर्माण बारह करोड़ की लागत से किया जाएगा। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मंडला नगरवासियों से अपील की है कि शहर में स्वच्छता को अपनाएं, अपने आसपास के वातावरण को साफ व स्वच्छ रखें, जिससे मंडला जिले की पहचान स्वच्छ शहरों में हो सके।

विजन मंडला 2047 के लिए दिए जाएंगे सुझाव 

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि जिले में 19 से 24 दिसंबर तक सुशासन दिवस मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशन में जिले में मुख्यमंत्री जनकल्याण पर्व प्रारंभ है। रात्रि चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर लगाए जा रहे हैं। कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। शासन की योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित कर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडला जिला 2047 में किस रूप में होगा, इसके लिए परिचर्चा कर विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी। आदर्श मंडला निर्माण के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, औद्योगिक विकास, पर्यटन, अधोसंरचना विकास, कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में आरोग्यम शिविर, अ से अक्षर अभियान, अग्निपथ योजना, स्वच्छता ही सेवा अभियान, स्वर्ण कवच अभियान, छू लो आसमान, अपराजिता अभियान, ज्ञानसूत्र अभियान, धार्मिक पर्यटन, पंचचौकी महाआरती, शक्ति सारथी अभियान, मंडला गौरव दिवस, रात्रि चौपाल, रैन बसेरा, आनंदम नेकी की दीवार जैसे जनकल्याणकारी अभियान जारी हैं। इसका लाभ जिले के नागरिकों को मिल रहा है। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों के द्वारा सुझाव आमंत्रित किए गए। सभी ने विजन मंडला/2047 के लिए अपने सुझाव दिए। आयोजित कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, जिला पंचायत सदस्य सभापति (संचार एवं संकर्म) शैलेष मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon Join Yashbharat App
Notifications Powered By Aplu