रीवा lजिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने एक बार फिर बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सेमरिया तहसील के शाहपुर सर्किल में पदस्थ राजस्व निरीक्षक (आरआई) को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी राजस्व निरीक्षक ने फरियादी से भूमि सीमांकन कराने के एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। सौदे के तहत आरआई पहले ही फरियादी से 2 हजार रुपये एडवांस के तौर पर ले चुका था, जबकि शेष 3 हजार रुपये की मांग वह लगातार कर रहा था। रिश्वत से परेशान फरियादी ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की प्राथमिक जांच में मामला सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार जैसे ही राजस्व निरीक्षक ने फरियादी से शेष 3 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगेहाथ दबोच लिया। आरोपी के हाथों पर केमिकल परीक्षण में रिश्वत लेने की पुष्टि भी हुई।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है।
इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आम जनता से जुड़े कार्यों, जैसे भूमि सीमांकन, नामांतरण और खसरा सुधार जैसे मामलों में रिश्वतखोरी किस हद तक व्याप्त है। लोकायुक्त की इस सख्त कार्रवाई से ईमानदार अधिकारियों को बल मिला है, वहीं भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के लिए यह कड़ा संदेश माना जा रहा है।
Back to top button