लापरवाह वाहन चालकों पर अब तीसरी आंख से निगरानी, सडक़ पर बेपरवाही पड़ सकती भारी, सीसीटीवी से रखी जा रही नजर, कटनी पुलिस ने लागू की ई-चालान व्यवस्था

कटनी, यशभारत। यदि आप सडक़ पर लापरवाही बरतते हुए अपना वाहन चला रहे हैं तो अब थोड़ा संभल जाईए। पुलिस की तीसरी आंख सडक़ की हर गतिविधि को अपने कमरे में कैद कर रही है और इसी तीसरी आंख के सहारे अब नियम कायदे कानून का उल्लंघन करने वालों को पुलिस की कार्यवाही का सामना करना पड़ सकता है। हेलमेट धारण न करने, रेड लाइट जम्प करने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने एवं किसी भी प्रकार से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले समस्त वाहन चालकों को अब नियम अनुसार ही वाहन चलाने की आदत डालनी चाहिए। बड़े शहरों की तर्ज पर अब कटनी में भी ई-चालान की व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की तीसरी आंख कटनी पुलिस द्वारा पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया गई है। शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे न केवल नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों की गतिविधियों को रिकॉर्ड कर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ई-चालान प्रणाली लागू कर दी गई है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन चालक के मोबाइल नंबर पर ई-चालान की सूचना प्राप्त होगी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करें। सुरक्षित वाहन चलाएं एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। नियमों का पालन ही आपकी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।







