रानीताल हत्याकांड: मृतिका थी रांझी क्षेत्र की, प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने — आरोपी प्रेमी के गिरेबान तक पहुंची पुलिस, कभी भी हो सकता है खुलासा

यश भारत breaking जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज रानीताल हत्याकांड में अब बड़ा मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतिका रांझी क्षेत्र की रहने वाली थी और उसका नाम पल्लवी पाटीदार बताया जा रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है। सूत्रों के अनुसार आरोपी प्रेमी के गिरेबान तक पुलिस पहुंच चुकी है और किसी भी वक्त इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हो सकता है।
रानीताल ईदगाह के पास मिला था शव, मच गई थी सनसनी
रविवार सुबह जब लोगों ने रानीताल ईदगाह के पास एक महिला का शव पड़ा देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही लार्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। उसके गर्दन और पेट पर गंभीर घाव पाए गए थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दी गई।

कैटरिंग में करती थी काम
जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि मृतिका कैटरिंग के काम से जुड़ी हुई थी और शहर में अलग-अलग कार्यक्रमों में काम करती थी। पुलिस उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतिका का किसी युवक से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह खौफनाक वारदात होने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि संदिग्ध युवक टेंट हाउस में काम करता है और घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से जुटाए जा रहे सुराग
मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच और लार्डगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा इलाके के ऑटो चालकों, ठेला संचालकों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस बोली – जल्द होगा खुलासा
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।








