कटनी

राजस्थान के वेंकटेश मन्दिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया कटनी के चोरों ने, 17 दिन बाद गिरफ्त में आये आरोपी, 20 किलो चांदी के जेवरात बरामद, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों की खाक छानी पुलिस ने

कटनी, यश भारत। राजस्थान के नागौर जिले के मुंडवा थाना क्षेत्र स्थित वेंकटेश मन्दिर में हुई लाखों रुपए की चोरी की वारदात कटनी के दो आरोपियों ने अंजाम दी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही में कटनी आकर लगभग 20 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इस मामले में जालपा वार्ड निवासी हर्ष कुमार द्विवेदी एवं राहुल रजक की गिरफ्तारी की गई है। नागौर थाना प्रभारी सुरेश ने जानकारी देते हुए बताया कि जालपा वार्ड निवासी हर्ष कुमार द्विवेदी दिसम्बर में राजस्थान के नागौर जिले के मुंडवा थाना क्षेत्र स्थित वेंकटेश मन्दिर में पुजारी का काम करता था। इसी दौरान वहाँ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह कटनी वापस आ गया था और राहुल रजक के साथ चोरी का प्लान बनाया। 16 फरवरी को इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी मन्दिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डी व्ही आर भी ले गए। इस वारदात के बाद पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लिया और थाना प्रभारी सुरेश अपनी 9 सदस्यीय टीम के साथ आरोपियों का पता लगाने में निकल पड़े। बताया जाता है कि 17 दिनों में 9 हजार किलोमीटर का सफर करते हुए 50 बस स्टैंड और 15 रेलवे स्टेशनों और तीन एयर पोर्ट की खाक छानी गई। इस दौरान आरोपी की मोबाइल लोकेशन को भी ट्रेस की गई। इसी दौरान आरोपी को कटनी से गिरफ्तार किया गया। राजस्थान पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर आज़ाद चौक से लगभग 20 किलो चांदी जब्त की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button