रंग बरसे भीगे चुनर वाली…पर जमकर थिरकी पुलिस, होली पर सालों बाद आयोजन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने की मस्ती, वॉटर कैनन की बौछारों के बीच उड़ा रंग-गुलाल

कटनी, यशभारत। शहर सहित समूचे जिले में होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने जमकर होली खेली। झिंझरी पुलिस लाइन मेंं आयोजित किए गए कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ थाना प्रभारियों एवं कर्मचारियों ने जमकर मस्ती की। इस दौरान थाना प्रभारी एवं महिला अधिकारी फिल्मी गीतों पर झूमते नजर आए। कई सालों बाद ऐसा मौका आया, जब पुलिस विभाग ने ऐसी होली खेली। दरअसल कटनी में अपनी पोस्टिंग के बाद से ही नवाचार के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं सिस्टम को पटरी पर लाने में प्रयासरत पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में पुलिस लाइन झिंझरी में होली मिलन समारेाह का आयोजन किया गया था, जिसमे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ होली खेली। वाटर कैनन से रंगों की बौछारों के बीच पुलिस अधिकारियों ने फिल्मी गीतों पर जमकर मस्ती करते हुए नजर आए। एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दी गई। वाटर कैनन से पानी की बौछार के बीच जमकर रंग-गुलाल उड़ा। होली की मस्ती में महिला अधिकारी भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने भी जमकर होली खेली। होली के इस खास मौके पर वाटर कैनन भी चलवाया गया, जिससे सभी पुलिसकर्मी रंगों के साथ पानी में भीगते हुए नजर आए। पुलिस लाइन के बाद कोतवाली और महिला थाने के स्टाफ ने भी होली खेलकर पर्व का आनंद उठाया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, आरआई संध्या राजपूत, कोतवाली टीआई राखी पांडेय, यातायात टीआई राहुल पांडे, कैमोर टीआई आशीष शर्मा, बहोरीबंद टीआई अखलेश दाहिया, रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरूणपाल सिंह, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत,बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय, खिरहनी चौकी कौशल कुमार द्विवेदी, सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडे सहित अन्य थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
तनाव को दूर कर खुशी के पल बिताने का मौका : एसपी
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि पुलिस कर्मी रोजाना 12 से 13 घंटे तक ड्यूटी करते हैं। ऐसे अवसर उन्हें तनाव से राहत और साथियों के साथ खुशी के पल बिताने का मौका देते हैं। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन में एकत्रित होकर होली का आनंद लिया, जबकि कल से वे अपने-अपने क्षेत्रों में उतरकर नियमित रूप से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार होलिका दहन से लेकर होली खेलने तक शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने लगातार 72 घंटे ड्यूटी की थी। परंपरा के अनुसार पुलिसकर्मी होली के अगले दिन सामूहिक रूप से उत्सव मनाते हैं।







