मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़तूमा सागर में निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर के निर्माणकार्यों का किया निरीक्षण

सागर यश भारत संभागीय ब्यूरो)/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सागर प्रवास के दौरान बड़तूमा में निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर के निर्माणकार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां संत रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पण किये और मंदिर निर्माण हेतु बधाई देते हुए सराहना की।
उन्होंने संत रविदास मंदिर के मॉडल का अवलोकन कर विभिन्न निर्माणकार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संत रविदास मंदिर निर्माण पर आधारित चलचित्र (वीडियो प्रदर्शनी) को देखा।उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति को परिष्कृत करने, सहेजने और सामाजिक समरसता में संतों की भूमिका से लोगों को परिचित कराने वाली प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता से आज संत रविदास मंदिर का विशाल आकार यहां दिखने लगा है। उन्होंने समय सीमा में सभी निर्माणकार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये और कहा कि 101 करोड़ रुपयों की लागत से 11 एकड़ क्षेत्रफल में बनाया जा रहा यह भव्य मंदिर और संग्रहालय आस्था के साथ-साथ देश-दुनिया के लोगों को भारत की महान संत परम्परा की विचारधारा और संतसिरोमणि रविदासजी के जीवन से परिचित कराने वाला अद्भुत केंद्र बनेगा।मंदिर के आसपास चार गैलरियों का निर्माण किया जा रहा है जहाँ संत रविदास के जीवन को विस्तृत और आधुनिक संसाधनों की मदद से प्रस्तुत किया जायेगा। पुस्तकालय में संत रविदास की आध्यात्मिक व धार्मिक पुस्तकों को संग्रहित किया जायेगा।
परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की
सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के मकरोनिया रजाखेडी स्थित पंचदेव मंदिर, स्थित नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के निवास पहुंचकर उनके दिवंगत पिता स्व. श्री कुदउँ लारिया जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायक लारिया के परिजनों के प्रति गहन शोक संवेदनाएं व्यक्त कर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। इस दुखद क्षण में खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना, सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, श्याम तिवारी, कलेक्टर संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।







