मामूली बात पर कलयुगी बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट; हंसिया से काटकर की नृशंस हत्या

जबलपुर यश भारत। संस्कारधानी के कुंडम थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी बेटे ने ममता का गला घोंटते हुए अपनी ही जन्मदाता की नृशंस हत्या कर दी। घटना ग्राम बंदरिया की है, जहाँ आरोपी बेटे ने अपनी मां पर हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई इस क्रूरता को देखकर स्तब्ध है।
Asp सूर्यकांत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हत्या के पीछे की वजह बेहद मामूली बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बेटा खाना मांग रहा था और खाना देने में हुई देरी या खाना नहीं मिलने से वह इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने घर में रखे हंसिया से अपनी मां पर हमला कर दिया। मां की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुंडम थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। हालांकि प्राथमिक पूछताछ में हत्या की वजह ‘खाना न मिलना’ सामने आ रही है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि हत्या के वास्तविक कारणों और किसी संभावित पुरानी रंजिश का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।







