मानवता फिर हुई शर्मसार : 3 साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले हैवान को पुलिस ने दबोचा, सलाखों के पीछे पहुँचा आरोपी

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले के खिमलासा थाना क्षेत्र के ग्राम महेरा में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। घटना रविवार शाम की है, जब मासूम अपने भाई के साथ खेत में खेल रही थी, तभी आरोपी उसे जबरन उठाकर कृषि यंत्रों के पीछे ले गया। खून से लथपथ हालत में बच्ची को उपचार के लिए खुरई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बीना के मार्गदर्शन में खिमलासा पुलिस ने बिना विलंब किए कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बीना एसडीओपी नीतेश पटेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, खिमलासा थाना पुलिस ने फरियादिया की रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रामदयाल पिता जयराम अहिरवार (उम्र 31 साल), निवासी ग्राम महेरा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2), 137(2) और 5m/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस की गठित टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे घटना के कुछ ही घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार, 12 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में लेकर उप जेल खुरई में भेज दिया गया है।
इस जघन्य मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाने में निरीक्षक राधेश्याम पटेल (थाना प्रभारी खिमलासा) के नेतृत्व में सउनि सैयद आसिफ अली, प्र.आर. संजय प्रजापति, प्र.आर. लक्ष्मण प्रसाद साकेत, प्र.आर. अरविन्द ठाकुर, आरक्षक गौरव मीणा, आरक्षक दीपक पाण्डेय और आरक्षक जावेद खान की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की इस तत्परता की प्रशंसा की है।







