दमोह।जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई । यहां एक घर के अंदर पति, पत्नी और उनकी दो साल की मासूम बच्ची के शव फांसी के फंदे पर झूलते मिले। परिवार में बच्ची के मुंडन की तैयारी चल रही थी ऐसे में खुशियां मातम में तब्दील हो गई l फिलहाल इस घटना की गुत्थी उलझती जा रही हैl घटना से इलाके में सनसनी हैं वहीं क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी व्याप्त हैं l
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 30 वर्षीय मनीष केवट के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था। उसकी 24 वर्षीय गर्भवती पत्नी यशोदा उर्फ माही केवट तथा दो साल की बेटी आरोही भी उसी घर में मृत अवस्था में मिलीं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों और पड़ोसियों के अनुसार परिवार में बच्ची के मुंडन संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी को लेकर घर में उत्साह का माहौल बताया जा रहा है। ऐसे में अचानक इस कदम को उठाए जाने की घटना ने सभी को अचंभित कर दिया है।
सूचना मिलने पर तेंदूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Back to top button