ग्वालियरजबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश में किया जा रहा है उल्लेखनीय कार्य : मंत्री कुशवाह 

जिले की 3 लाख 8 हजार 912 लाड़ली बहनाओं के खाते में 38 करोड़ रूपए की राशि भेजी गई 

ग्वालियर / अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश भर की लाडली बहनाओं के खाते में राशि अंतरित की। इसके साथ ही उन्होंने सभी बहनाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनायें भी दीं। ग्वालियर जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम के बाल भवन सभागार में आयोजित किया गया। जहाँ पर प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर जिले की 3 लाख 8 हजार 912 लाड़ली बहनाओं के खाते में 38 करोड़ रूपए की राशि का अंतरण किया गया।

लाड़ली बहनाओं के खाते में राशि अंतरण कार्यक्रम में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सतेन्द्र गुर्जर, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती सीमा शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बी एस जादौन, सहायक संचालक श्री राहुल पाठक एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनायें उपस्थित थीं।

प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्क्रण विभाग के मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी को शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लाड़ली बहनाओं को सशक्त बनाने के लिये प्रतिमाह उनके खाते में धनराशि प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी मध्यप्रदेश में अनुकरणीय कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सतेन्द्र गुर्जर ने भी लाड़ली बहनाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाड़ली बहनाओं के सशक्तिकरण हेतु लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वावलम्बी बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती सीमा शर्मा ने लाड़ली बहना योजना के तहत लाभान्वित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनायें दीं। साथ ही उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि प्रतिमाह लाडली बहना योजना के तहत जो धनराशि उन्हें प्राप्त हो रही है, उसके माध्यम से वे अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिये सार्थक प्रयास करें।

कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और महिला-बाल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कुमारी श्रेया सेन, कुशाग्रि भारद्वाज और मुस्कान को उत्कृष्ट चित्रकला के लिये पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मेंहदी और रंगोली प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button