मर्डर की पड़ताल कर लौट रही एफएसएल टीम की कार खाई में गिरी: कार चालक था शराब के नशे में धुत्त
- महिला अधिकारी और चालक बुरी तरह घायल, मंडला के निवास में हादसा

जबलपुर, यशभारत। मंडला के बम्हनी में मर्डर होने की सूचना पर जबलपुर से पहुंचे एफ एसएल डॉक्टर की कार लौटते समय पलट गई। घटना में डॉक्टर को तो मामूली चोटें आर्इं, लेकिन चालक गंभीर रुप से घायल है, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक बीती रात मंडला के खारी गांव में एक व्यक्ति का संदिग्ध हालत में शव मिला था। वहां के एफ एसएल डॉक्टर के छुट्टी पर होने के कारण जबलपुर एफ एसएल डॉक्टर सुनीता तिवारी जांच के लिए यहां से रवाना हुर्इं। रात करीब 11 बजे जब वे जांच कर वापस लौट रहीं थी, तभी उनकी प्राइवेट कार अनियंत्रित होकर निवास के जंगल के पास खाई में गिर गयी। सूचना मिलते ही निवास पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सकुशल बाहर निकाला और गंभीर रुप से घायल चालक को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद एफएसएल डॉक्टर को दूसरी कार से जबलपुर पहुंचाया गया।
धुत्त था चालक
जानकारी अनुसार प्राइवेट कार से एफएसएल अधिकारी पड़ताल करने रवाना हुई थीं। जिनकी कार निवास रोड पर बहक गयी। एफएसएल अधिकारी श्रीमती सुनीता तिवारी ने बताया कि जिस वक्त यह घटना हुई चालक बुरी तरह से शराब के नशे में था, जिसके कारण यह घटना हुई। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।